भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के पाचवें दिन सोमवार को भारत को एक और सोना दिलाया।
नई दिल्ली। भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के पाचवें दिन सोमवार को भारत को एक और सोना दिलाया। खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने नाइजीरिया को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। ओक्सेनफोर्ड स्टूडियोज में खेल गए फाइनल में भारत ने नाइजीरिया को 3-0 से मात दी। इस स्वर्ण के साथ ही भारत पदक तालिका में 71 देशों के बीच तीसरे स्थान पर आ गया है। भारत की झोली में 9 स्वर्ण, चार रजत और पांच कांस्य सहित कुल 18 पदक है। आस्ट्रेलिया 38 स्वर्ण के साथ पहले नंबर पर जबकि इंग्लैंड 22 स्वर्ण के साथ दूसरे नंबर पर बना है।
अचंता शरथ कमल ने दिलाई शुरुआती बढ़त -
नाइजीरिया के खिलाफ फाइनल का पहला मैच एकल वर्ग का था। जहां अनुभवी खिलाड़ी अचंता शरथ कमल ने पहला गेम 4-11 से हारने के बाद वापसी करते हुए बोडे अमियोडून को अगले तीन गेम में 11-5, 11-4 और 11-9 से हराकर भारत को 1-0 से आगे कर दिया।
दूसरे गेम में वापसी करते हुए भारत को मिली जीत -
दूसरे एकल मुकाबले में भारत के साथियान गणासेकरन को भी पहले गेम में 10-12 से हार का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने भी मैच में शानदार वापसी की और अगले तीन गेम में 11-3, 11-3, 11-4 से जीत दर्ज कर भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया।
युगल वर्ग में भारत ने आसानी से दर्ज किया जीत -
इसके बाद, तीसरा मैच युगल वर्ग का था जिसमें हरमीत देसाई और साथियान गणासेकरन ने नाइजीरिया की ओलाजीडे ओमोटायो और बोडे अमियोडून की जोड़ी को 11-8, 11-5, 11-3 से हरा दिया। भारत का यह 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में नौवां स्वर्ण पदक है।