पाली

Dog Attack: घर में सो रही मासूम को उठा ले गया कुत्ता, मां ने लाठी से बचाई जान, सिर में 12 टांके आए

Pali Dog Attack: पाली जिले के शेरावाला गांव में आवारा कुत्ते के हमले में दो साल की मासूम गंभीर घायल हो गई। बच्ची घर के चौक में सो रही थी, तभी कुत्ता उसे जबड़े में दबाकर घसीटने लगा। मां ने लाठी से हमला कर बेटी को बचाया। बच्ची के सिर पर गहरे घाव आए हैं और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
2 min read
May 09, 2026
Pali Dog Attack
अस्पताल में घायल मासूम। फोटो- पत्रिका

पाली। जिले के नाना थाना क्षेत्र के शेरावाला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के चौक में सो रही दो साल की मासूम बच्ची पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ता बच्ची को जबड़े में दबाकर घसीटते हुए बाहर ले जाने लगा। बेटी की चीख सुनकर मां दौड़ी और लाठी से हमला कर किसी तरह बच्ची को छुड़ाया।

यह वीडियो भी देखें

खुला था घर का गेट

जानकारी के अनुसार बच्ची संगीता घर के चौक में पलंग पर सो रही थी। उसके दो भाई पास ही दूसरे पलंग पर सो रहे थे। मां चकूबाई घर के अंदर काम कर रही थी, जबकि पिता सवाराम गरासिया किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घर का गेट खुला होने से एक आवारा कुत्ता अंदर घुस आया। कुत्ते ने बच्ची के सिर को जबड़े में दबाकर उसे पलंग से नीचे गिरा दिया और घसीटते हुए बाहर ले जाने लगा।

मां दौड़कर मौके पर पहुंची

मासूम की चीख-पुकार सुनते ही मां दौड़कर मौके पर पहुंची। उसने बिना देर किए लाठी उठाकर कुत्ते पर कई वार किए। काफी प्रयास के बाद कुत्ते ने बच्ची को छोड़ा और वहां से भाग निकला। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत पाली के बांगड़ चिकित्सालय ले जाया गया।

सिर में गहरे घाव

अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची का उपचार शुरू किया। बच्ची के सिर पर गहरे घाव होने के कारण करीब 12 टांके लगाने पड़े। पिछले तीन दिनों से उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल बच्ची की हालत में सुधार बताया जा रहा है और वह खतरे से बाहर है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक कुत्ते ने तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इनमें एक बुजुर्ग महिला, एक बुजुर्ग व्यक्ति और 13 वर्षीय एक बच्चा शामिल था। घायलों को उपचार के लिए बांगड़ अस्पताल ले जाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 54 वर्षीय लीलादेवी अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। तभी एक लोडिंग टेम्पो के नीचे बैठे कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला के चेहरे और सिर पर चोट पहुंचाई। महिला ने झाड़ू से खुद का बचाव करने की कोशिश की, लेकिन कुत्ते ने दोबारा हमला कर दिया। इसके कुछ देर बाद उसी कुत्ते ने रास्ते से गुजर रहे एक बुजुर्ग को भी घायल कर दिया। बाद में स्कूटी से जा रहे 13 वर्षीय आदित्य कवाड़ का पीछा करने लगा, जिससे स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। इसी दौरान कुत्ते ने उसके पैर पर काट लिया।

Updated on:
09 May 2026 09:02 pm
Published on:
09 May 2026 09:02 pm