
पुलिस जीप। फाइल फोटो- पत्रिका
भीलवाड़ा। शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के कुवाड़ा खान इलाके में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नाड़ी में नहाने गए दो मासूम दोस्तों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार कुवाड़ा खान क्षेत्र निवासी अब्बास (12) पुत्र जाकिर हुसैन और उसका दोस्त अल्तमस (14) पुत्र जब्बार मोहम्मद दोपहर में घर से बाहर निकले थे। दोनों पास की नाड़ी में नहाने चले गए। नहाते समय वे गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा सके और बीच पानी में जाकर डूबने लगे। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे भंवर में फंस गए, जिससे बाहर नहीं निकल पाए।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर नाड़ी के किनारे रखे कपड़ों और चप्पलों पर पड़ी। काफी देर तक बच्चों को बाहर नहीं आते देख लोगों को शक हुआ। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई और कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर सुभाषनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय तैराकों और गोताखोरों की मदद से नाड़ी में बच्चों की तलाश शुरू की गई। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दोनों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे इलाके में मातम का माहौल है। लोगों ने बताया कि दोनों बच्चे अच्छे दोस्त थे और अक्सर साथ ही खेलते थे। हादसे के बाद आसपास के लोग भी काफी दुखी नजर आए। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
Updated on:
09 May 2026 08:28 pm
Published on:
09 May 2026 08:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
