
आदित्य राणा। फाइल फोटो- पत्रिका
नदबई। उपखंड क्षेत्र के बरौलीरान गांव के युवा आदित्य राणा ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (आईएफएस) परीक्षा-2025 में ऑल इंडिया 33वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। आदित्य की इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। गांव में लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जताई, वहीं परिजनों और परिचितों ने उन्हें बधाइयां दीं।
यह वीडियो भी देखें
आदित्य राणा के पिता धर्म सिंह राणा शिक्षा विभाग में प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त हैं। परिवार में शुरू से ही शिक्षा और अनुशासन का माहौल रहा, जिसका सकारात्मक प्रभाव आदित्य पर भी पड़ा। उनकी प्रारंभिक शिक्षा नदबई में हुई। बचपन से ही वे पढ़ाई में मेधावी रहे और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति गंभीरता दिखाते रहे। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने दिल्ली का रुख किया, जहां उच्च शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ यूपीएससी परीक्षा की तैयारी भी जारी रखी।
आदित्य ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन को दिया है। उन्होंने बताया कि यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता पाने के लिए निरंतर मेहनत और धैर्य सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। तैयारी के दौरान उन्होंने हर विषय को योजनाबद्ध तरीके से पढ़ा और रोजाना निश्चित समय तक अध्ययन किया। उनका मानना है कि कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास बनाए रखना जरूरी होता है।
उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पूरी लगन से मेहनत की जाए तो सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को सोशल मीडिया और अन्य भटकाव से दूर रहकर अपने उद्देश्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
गौरतलब है कि यूपीएससी इंडियन फॉरेस्ट सर्विस परीक्षा-2025 का लिखित परीक्षा चरण 16 नवंबर से 23 नवंबर 2025 तक आयोजित किया गया था। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए पर्सनैलिटी टेस्ट 6 अप्रेल से 15 अप्रेल 2026 के बीच आयोजित किए गए। परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 22 जनवरी 2025 से शुरू होकर 21 फरवरी 2025 तक चली थी। वहीं प्रारंभिक परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित हुई थी, जिसका परिणाम 11 जून 2025 को जारी किया गया था।
Updated on:
09 May 2026 06:42 pm
Published on:
09 May 2026 06:04 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
