पाली

Petrol-Diesel Price Hike: इजरायल-ईरान युद्ध के बीच निजी कंपनी ने दिया बड़ा झटका, इतने रुपए महंगा हुआ डीजल और पेट्रोल

Petrol-Diesel Price: अचानक पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है और महंगाई का असर अब सीधे जेब पर दिखने लगा है।
2 min read
Mar 26, 2026
petrol-diesel excise duty
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फाइल फोटो- पत्रिका)

पाली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव के बीच भले ही अब तक आम उपभोक्ताओं को राहत मिली हुई थी, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्राइवेट तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने अचानक कीमतों में वृद्धि कर दी है। इसका असर आम आदमी की जेब पर पड़ता दिखाई दे रहा है।

ईरान, इजराइल और अमरीका के बीच चल रहे युद्ध जैसे हालातों के बावजूद अब तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली हुई थी. लेकिन अब कंपनी ने अपने स्तर पर पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। नायरा ने पेट्रोल पर करीब 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की है।

बढ़ सकते हैं रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम

अब आशंका जताई जा रही है कि यदि अन्य कंपनियां भी इसी तरह कीमतों में बढ़ोतरी करती हैं तो इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। परिवहन महंगा होने से रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी बढ़ सकते हैं, जिससे महंगाई और बढ़ने की संभावना है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि बढ़ती कीमतों से ग्राहकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा और इसका असर बिक्री पर भी देखने को मिल सकता है।

पेट्रोल पम्पों पर लग रही कतार

पेट्रोल-डीजल की संभावित कमी और दाम बढ़ने की आशंका के चलते लोग पहले से ज्यादा ईंधन भरवाने लगे हैं। शहर सहित जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। जो लोग पहले 100 रुपए का पेट्रोल या डीजल भरवाते थे, वे अब 500 रुपए से कम का ईंधन नहीं ले रहे हैं।

पाली शहर के सूरजपोल स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवा रहे भावेश जोशी ने बताया कि वे अपनी कार की टंकी पूरी भरवाने आए हैं, क्योंकि उन्हें आने वाले दिनों में 700 से 800 किलोमीटर की यात्रा करनी है। उनका कहना है कि यदि कीमतें और बढ़ती हैं तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। वहीं वहां मौजूद बालगोपाल ने बताया कि अब वे अपनी बाइक में कम से कम 500 रुपए का पेट्रोल भरवाते हैं ताकि बार-बार की परेशानी से बचा जा सके।

इन्होंने कहा

कंपनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने का सीधा असर डीलर्स पर भी पड़ेगा। प्रतिस्पर्धा में बने रहना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो जाएगा। कंपनियां पहले डीलर्स को विभिन्न प्रलोभनों के आधार पर पेट्रोल पंप देती हैं, लेकिन इस तरह अचानक कीमतों में वृद्धि से डीलर्स को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है।
कार्तिकेय श्रोत्रिय, अध्यक्ष, पाली जिला पेट्रोल पम्प एसोसिएशन

Updated on:
27 Mar 2026 12:29 pm
Published on:
26 Mar 2026 07:55 pm