पाली

LPG Crisis: गैस से लौटे सिगड़ी पर, एलपीजी भराने को ऑटो की लग रही कतार, पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने दी चेतावनी

LPG Crisis News: पाली में एलपीजी गैस की पर्याप्त आपूर्ति के दावों के बीच जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। शहर में सिलेंडर समय पर नहीं मिलने से लोग महंगा कोयला जलाकर काम चलाने को मजबूर हैं।
2 min read
Mar 26, 2026
LPG crisis, LPG crisis latest news, LPG crisis update news, LPG crisis today news, LPG crisis in Pali, Rajasthan LPG crisis, Pali LPG crisis
महावीर नगर स्थित बीएसएनएल ऑफिस के पास गैस सिलेंडर के साथ कतार में खड़े लोग। फोटो- पत्रिका

पाली। शहर के साथ जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त आपूर्ति व स्टॉक का दावा किया जा रहा है, जबकि हकीकत यह है कि गैस सिलेंडर घरों तक समय पर नहीं पहुंच रहे हैं। एलपीजी पम्पों पर गैस भरवाने के लिए वाहनों की कतार लग रही है, लेकिन गैस नहीं मिल रही। कॉमर्शियल सिलेंडर तो बहुत कम मिल रहे हैं, जिससे कई लोगों ने अब कोयला 50 रुपए किलो या उससे अधिक कीमत पर खरीदकर सिगड़ी जलाना शुरू कर दिया है। ठेलों पर खाद्य सामग्री बेचने वाले भी सिगड़ी जला रहे हैं। चूल्हे व सिगड़ी की नया गांव रोड पर सड़क किनारे दुकानें भी लग गई हैं।

बुकिंग के बदले नियम

घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर नियमों में बदलाव किया गया है। पहले शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में क्रमश: 25 व 45 दिन बाद बुकिंग की जाती थी। उसकी जगह अब सामान्य व उज्ज्वला श्रेणी लागू की गई है। इसमें सामान्य कनेक्शन के तहत एक गैस सिलेंडर होने पर 25 दिन व दो होने पर 35 दिन बाद बुकिंग करवाई जा सकती है। उज्ज्वला कनेक्शन में 35 दिन बाद बुकिंग की जा रही है।

ऐसे हैं पाली शहर में हालात

शहर के मस्तान बाबा के पास एक पम्प पर सुबह एलपीजी ऑटो वालों की कतार लगी थी। ऑटो चालक आरिफ, महेंद्र, मोतीसिंह व उमेश ने बताया कि एलपीजी भर रहा कार्मिक अचानक गैस देना बंद कर चला गया। पूछने पर उसने कहा कि उसे एलपीजी भरने से मना कर दिया गया है। वहीं पम्प पर कार्यरत धनराज का कहना था कि एलपीजी खत्म हो गई है, इसलिए पम्प बंद किया गया है।

मजबूरी में महंगा कोयला लेकर चलाना पड़ रहा काम

शहर में पराठे, पुलाव सहित सब्जी-रोटी का ठेला लगाने वाली नीतू चौहान सिगड़ी पर पराठा सेकते हुए बोली कि पहले गैस सिलेंडर 6 से 7 दिन चल जाता था। अब सिलेंडर नहीं मिलने से रोजाना करीब 400 रुपए का कोयला जलाकर काम चलाना पड़ रहा है। इससे नुकसान हो रहा है, लेकिन काम बंद भी नहीं कर सकते।

नहीं मिला सिलेंडर

शहर निवासी मनीष कुमार ने करीब एक सप्ताह पहले सिलेंडर की बुकिंग करवाई थी, लेकिन अब तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिला है। ऐसा ही अनिल के साथ हुआ है। वे गैस एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, जहां बताया जा रहा है कि बुकिंग के समय कोई एरर आ गया होगा, जिससे ओटीपी नहीं आया।

यह वीडियो भी देखें

इन्होंने कहा

जिले में रोजाना 7000 से 7500 सिलेंडर की जरूरत है। जिले में पर्याप्त गैस आपूर्ति हो रही है। यदि उपभोक्ता चाहें तो पीएनजी लाइन के कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं। जहां पाइपलाइन बिछी है, वहां तुरंत कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इससे 24 घंटे बिना रुकावट गैस आपूर्ति हो रही है।

  • कमल कुमार पंवार, जिला रसद अधिकारी, पाली

पेट्रोल व डीजल आ रहा है, लेकिन कुछ कंपनियां डीलरों को कम पेट्रोल-डीजल दे रही हैं। हमारी एसोसिएशन की ओर से कंपनी अधिकारियों से बातचीत चल रही है। हम कह रहे हैं कि या तो पेट्रोल-डीजल पूरा दें, अन्यथा पूर्ण बंद करें।

  • कार्तिकेय क्षौत्रिय, अध्यक्ष, पाली जिला पेट्रोल पम्प एसोसिएशन
Published on:
26 Mar 2026 03:29 pm