Petrol-Diesel Shortage: पाली जिले में पेट्रोल और डीजल की किल्लत से हालात गंभीर हो गए हैं, जिससे 60 पेट्रोल पम्प बंद हो गए। ईंधन नहीं मिलने से वाहन चालकों को लौटना पड़ रहा है।
पाली। पेट्रोल पम्पों पर कम्पनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से जिले में हालात बिगड़ गए हैं। कई पम्पों पर ईंधन खत्म होने के कारण वाहन चालकों को बिना पेट्रोल-डीजल लिए ही लौटना पड़ रहा है। जिले में करीब 60 पेट्रोल पम्प बंद रहे। कहीं पेट्रोल नहीं था तो कहीं डीजल की कमी रही, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह वीडियो भी देखें
स्थिति से नाराज पेट्रोल पम्प संचालक कलक्ट्रेट पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। संचालकों ने आरोप लगाया कि कम्पनियां समय पर सप्लाई नहीं कर रही हैं और संपर्क करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। सादड़ी के पेट्रोल पम्प संचालक महेन्द्रसिंह ने बताया कि उनके पम्प पर सुबह से पेट्रोल खत्म है और वे केवल डीजल वाहनों को ही सेवा दे पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कम्पनी को कई बार फोन किया, लेकिन कोई कॉल रिसीव नहीं कर रहा है।
सुमेरपुर के रामनगर स्थित पम्प संचालक रमेश अग्रवाल ने बताया कि उनका पेट्रोल पम्प करीब ढाई दिन तक पूरी तरह बंद रहा। बाद में सीमित मात्रा में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति हुई, जिससे कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
पाली के नया गांव स्थित पेट्रोल पम्प संचालक पीयूष भाटी ने बताया कि उनका पम्प एक दिन तक बंद रहा। वहीं मारवाड़ जंक्शन के सुरेश ने बताया कि उनका पम्प पिछले चार दिनों से बंद है। उन्होंने कहा कि कम्पनी की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है, जबकि उनकी तरफ से अग्रिम राशि पहले ही जमा कराई जा चुकी है।
पाली जिला पेट्रोल पम्प एसोसिएशन के अध्यक्ष कार्तिकेय श्रोत्रिय ने बताया कि कम्पनियां पम्प पूरी तरह ड्राई होने के बाद ही ऑर्डर लेकर टैंकर भेज रही हैं। इसी कारण जिले में 60 पम्प बंद रहे। इस स्थिति से पम्प संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर समय पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है।