पटना

बिहार मंत्रिमंडल विस्तार: विजय सिन्हा सरकार नहीं, संगठन संभालेंगे…., प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे मंत्री?

बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार कब होगा, इसे लेकर अटकलें तेज हैं। साथ ही, मंत्रिमंडल में विजय कुमार सिन्हा की एंट्री होगी या नहीं, इस पर पार्टी कार्यालय से लेकर सोशल मीडिया तक सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है।

2 min read
Apr 20, 2026
bihar transfer posting
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा

बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल विस्तार पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। वर्तमान सरकार फिलहाल एक मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्रियों के सहारे कार्य कर रही है। सूत्रों के अनुसार, सम्राट चौधरी अपने मंत्रिमंडल में लगभग 30 प्रतिशत पुराने चेहरों को बदल सकते हैं। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को मंत्रिमंडल में शामिल करने के बजाय संगठन की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। सूत्र यह भी बताते हैं कि विजय कुमार सिन्हा को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है, जबकि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है।

सदन की नोकझोंक भी चर्चा में

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पद संभालने पर विजय कुमार सिन्हा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि यह फैसला ‘कमांडर’ (पार्टी नेतृत्व) का है। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था। इसके साथ ही, सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के बीच सदन में हुई नोकझोंक का एक वीडियो भी काफी चर्चा में है। यह वायरल वीडियो उस समय का बताया जा रहा है, जब सम्राट चौधरी पंचायती राज मंत्री थे और विजय कुमार सिन्हा विधानसभा अध्यक्ष के पद पर थे। वीडियो में बिहार विधानसभा के भीतर दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस और नोकझोंक देखी जा सकती है, जो एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।

बहुत व्याकुल नहीं होना है…

वायरल वीडियो 17 मार्च 2021 का बताया जा रहा है। इसमें उस समय के मुख्यमंत्री कहते हुए सुनाई देते हैं, “बहुत व्याकुल नहीं होना है…।” इसके जवाब में तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने उनसे अपनी बात वापस लेने को कहा।

यह नोकझोंक सवालों के ऑनलाइन जवाब देने के मुद्दे पर हुई बहस के दौरान सामने आई थी, जो उस समय काफी गरमा गई थी। अब राज्य की बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों के बीच यह पुराना वीडियो एक बार फिर चर्चा में आ गया है, जिसमें दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस देखी जा सकती है।

जदयू नेता भी नहीं चाह रहे

जनता दल (यूनाइटेड) के एक वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री भी विजय कुमार सिन्हा के खिलाफ बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने अपनी नाराजगी भी जाहिर कर दी है। बताया जा रहा है कि इसी के बाद पार्टी आलाकमान ने विजय कुमार सिन्हा को प्रदेश संगठन की कमान सौंपने पर विचार किया है। वहीं, वर्तमान में प्रदेश की जिम्मेदारी संभाल रहे संजय सरावगी को विजय सिन्हा की जगह मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

Updated on:
21 Apr 2026 03:17 pm
Published on:
20 Apr 2026 10:01 am