पटना

मोकामा में सोनू-मोनू गैंग का तांडव, अनंत सिंह के समर्थक पर चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां; फेसबुक पोस्ट पर हुआ था विवाद

Mokama Firing: मोकामा में शनिवार की रात सरपंच पति मुकेश कुमार पर जानलेवा हमला हुआ है। मुकेश ने फेसबुक पर पुलिस की तारीफ में एक पोस्ट लिखा था। इस पोस्ट से नाराज होकर प्रमोद सिंह ने उन्हें पोस्ट डिलीट करने की धमकी दी। जब मुकेश ने मना किया, तो प्रमोद सिंह ने अपने बेटों सोनू और मोनू को बुला लिया, जिन्होंने आते ही सरपंच पति पर फायरिंग कर दी।

2 min read
May 24, 2026
गोलीबारी के बाद जांच के लिए पहुंची पुलिस

Mokama Firing: बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का क्षेत्र पटना जिले का मोकामा एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा है। मोकामा टाल इलाके के पंचमहला थाना क्षेत्र अंतर्गत नौरंगा जलालपुर गांव में शनिवार की रात कुख्यात सोनू-मोनू गैंग ने जमकर तांडव मचाया। अपराधियों ने सिर्फ पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा करने पर स्थानीय पैक्स अध्यक्ष सह सरपंच प्रतिनिधि मुकेश कुमार सिंह पर सरेआम ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी गईं। इस हमले में सरपंच पति बाल-बाल बच गए हैं, लेकिन पूरी पंचायत में तनाव का माहौल है। बताया जाता है कि मुकेश कुमार सिंह विधायक अनंत सिंह के समर्थक हैं। बता दें कि अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग पहले भी कई बार आमने-सामने आ चुके हैं।

ये भी पढ़ें

खून देखकर मर्डर समझ रहे थे घरवाले, बेटी प्रेमी संग हो गई थी फरार; पुलिस ने महाराष्ट्र से किया बरामद

पुलिस की तारीफ क्यों की?

22 मई को सरपंच पति मुकेश सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने पुलिस प्रशासन और पंचमहला थाना प्रभारी की बेहतर कार्यशैली की सराहना की थी। शनिवार की रात जब वे अपने घर के पास खड़े थे, तभी गांव के ही एक व्यक्ति अपनी समस्या लेकर उनके पास आए। मुकेश सिंह जब उस व्यक्ति के साथ मामले को सुलझाने के लिए पंचायत की तरफ बढ़ रहे थे, तभी रास्ते में गांव के ही मुखिया पति प्रमोद सिंह ने उन्हें रोक लिया।

प्रमोद सिंह ने गुस्से में मुकेश से पूछा, 'तुमने फेसबुक पर पुलिस की तारीफ वाला पोस्ट क्यों लिखा है? उसे तुरंत डिलीट करो।' इस पर मुकेश सिंह ने जवाब दिया कि उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष का नाम नहीं लिखा है, बल्कि अपनी पंचायत और थाना प्रभारी के अच्छे काम के लिए पोस्ट किया है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और कहासुनी शुरू हो गई।

बाप ने अपने बेटे सोनू-मोनू को बुलाया

मुकेश कहते हैं कि विवाद बढ़ते ही मुखिया पति प्रमोद सिंह ने आपा खो दिया और अपने बेटों सोनू और मोनू को मौके पर बुला लिया। पिता की आवाज सुनते ही कुख्यात सोनू और मोनू अपने गैंग के सदस्यों और हथियारों के साथ वहां पहुंच गए। मुकेश कुमार सिंह का आरोप है कि दोनों कुख्यात भाइयों और उनके शूटरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गनीमत यह रही कि मुकेश सिंह ने समय रहते खुद को बचा लिया और गोली उनके पास से निकल गई, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।

कई थानों की पुलिस ने डाला डेरा

खुद पर हुई फायरिंग के तुरंत बाद मुकेश सिंह ने पंचमहला थाना प्रभारी को फोन मिलाया और घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी बिना वक्त गंवाए अपने पूरे दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए। भारी पुलिस फोर्स को गांव की तरफ आते देख कुख्यात सोनू-मोनू गैंग और मुखिया पति प्रमोद सिंह अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गए।

वारदात के बाद नौरंगा जलालपुर गांव पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है। स्थिति की गंभीरता और टाल इलाके में गैंगवार की आशंका को देखते हुए पंचमहला, हाथीदह और मरांची समेत कई थानों की पुलिस फोर्स ने गांव में डेरा डाल दिया है। पुलिस की विशेष टीमें कुख्यात सोनू और मोनू के घर सहित उनके तमाम संभावित ठिकानों पर रात भर भारी छापेमारी और तलाशी लेती रहीं।

वर्चस्व के लिए फायरिंग - SDPO

मामले पर जानकारी देते हुए बाढ़ के एसडीपीओ रामकृष्णा ने बताया कि पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव में सरपंच पति मुकेश कुमार सिंह और मुखिया पति प्रमोद सिंह के बीच फेसबुक पोस्ट को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान मुखिया पुत्र और इलाके के कुख्यात अपराधी सोनू कुमार ने पूरे क्षेत्र में भय का माहौल कायम करने और अपना वर्चस्व दिखाने के उद्देश्य से फायरिंग की।

ये भी पढ़ें

पाकिस्तान के शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में था मुजफ्फरपुर का मुस्तफा, ATS ने किया गिरफ्तार
Updated on:
24 May 2026 07:08 am
Published on:
24 May 2026 07:01 am
Also Read
View All