पटना

राबड़ी देवी खाली करेंगी सरकारी आवास? गौशाला में शिफ्ट हुआ सामान, लालू यादव के पटना आते ही होगा फैसला

Rabri Devi Bungalow Controversy: बिहार की राजनीति में राबड़ी देवी के आवास को लेकर विवाद जारी है। सूत्रों के मुताबिक, आवास का ज़्यादातर सामान गोला रोड स्थित गौशाला में शिफ्ट कर दिया गया है। आवास शिफ्ट करने को लेकर अंतिम फ़ैसला लालू प्रसाद के आज पटना पहुंचने के बाद लिया जा सकता है।

2 min read
Jun 09, 2026
Feature image
लालू यादव और राबड़ी देवी। (Photo-IANS)

Rabri Devi Bungalow Controversy: पटना में 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को लेकर बिहार में सियासी पारा हाई है। सुरक्षा कटौती और आवास खाली करने के नोटिस से नाराज लालू यादव, राबड़ी देवी, और तेजस्वी यादव ने अपनी सरकारी सुरक्षा लौटा दी है। इसके बाद से बड़ी संख्या में RJD कार्यकर्ता राबड़ी आवास के बाहर जमा हो गए हैं। इस बीच, सूत्रों के हवाले से अब जो जानकारी निकल कर सामने या रही है, उसके अनुसार राबड़ी आवास का ज़्यादातर सामान गोला रोड स्थित गौशाला परिसर में भेज दिया गया है। इससे अटकलें तेज हो गई हैं कि लालू परिवार जल्द ही सरकारी घर खाली करके किसी नई जगह जा सकता है।

लालू, तेजस्वी और मीसा आज आ रहे पटना

गोला रोड स्थित गौशाला में सामान शिफ्ट होने के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस बंगले को लेकर अंतिम निर्णय क्या होता है। बताया जा रहा है कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और सांसद मीसा भारती आज ही पटना पहुंच सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में यह तय माना जा रहा है कि लालू प्रसाद यादव के पटना लैंड करते ही परिवार के नए ठिकाने और 10 सर्कुलर रोड आवास को पूरी तरह खाली करने की तारीख पर अंतिम मुहर लग जाएगी।

कोई फर्क नहीं पड़ता -लालू यादव

इससे पहले, सिंगापूर से दिल्ली पहुंचने के बाद RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने आवास खाली करने एक नोटिस और सुरक्षा कटौती को लेकर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला करते हुए कहा, 'सब पागल हो गए हैं, उन्हें जो करना है करने दें। हमें कोई परवाह नहीं है। वे नफरत फैला रहे हैं, लेकिन इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता।' वहीं, उनकी बड़ी बेटी और सांसद मीसा भारती ने कहा कि वे 15 दिन का नोटिस पीरियड खत्म होने से पहले ही खुद घर खाली कर देंगी।

सुरक्षा कटौती पर लालू यादव का तंज

बंगले के विवाद के साथ-साथ, लालू परिवार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। 4 जून को राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव की 'Z+' कैटेगरी की सुरक्षा हटा ली गई थी और उसके बाद सुरक्षा की नई व्यवस्था लागू की गई थी। अपनी सुरक्षा का स्तर घटाए जाने का विरोध करते हुए, दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों ने नई व्यवस्था को मानने से साफ इनकार कर दिया। इस मुद्दे पर लालू प्रसाद ने तंज कसते हुए कहा कि उनके परिवार को दी गई सुरक्षा की शायद बिहार सरकार को अधिक जरूरत है, इसी वजह से परिवार के सभी सदस्य अपनी सुरक्षा सरकार को वापस कर रहे हैं।

राबड़ी आवास के बाहर डटे राजद कार्यकर्ता

सुरक्षा घटाए जाने और बंगला खाली करने के नोटिस के बाद, RJD के कई नेता और कार्यकर्ता राबड़ी देवी के घर के बाहर जमा हो गए हैं। समर्थक लगातार नारेबाजी कर रहे हैं और गेट के बाहर डटकर बकायदा रखवाली कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल को आवास से कुछ दूरी पर तैनात किया गया है। वहीं, जेड प्लस सुरक्षा हटने के बाद जो नए जवान तैनात किए गए हैं, उन्हें आवास के अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली है। इस वजह से ये सुरक्षाकर्मी सड़क किनारे पुलिस वैन को ही अपना अस्थायी ठिकाना बनाकर परेशानी में ड्यूटी करने को मजबूर हैं।

Updated on:
09 Jun 2026 12:22 pm
Published on:
09 Jun 2026 12:20 pm