राजनीति

बिहार: भाजपा नेता दिनकर प्रसाद की ट्रेन में मौत, कार्यकर्ताओं में शोक की लहर

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला महामंत्री दिनकर प्रसाद की बुधवार को संदिग्ध अवस्था में ट्रेन में मौत हो गई है।
2 min read
• •
Updated: 29 Aug 2018, 2:54 PM IST
news
बिहार: भाजपा नेता दिनकर प्रसाद की ट्रेन में मौत, भाजपा के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर

कटिहार। बिहार के खगड़िया जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला महामंत्री दिनकर प्रसाद की बुधवार को संदिग्ध अवस्था में ट्रेन में मौत हो गई है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया, वहीं अपने नेता की मौत की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी मिली है कि दिनकर प्रसाद ट्रेन से पटना से खगड़िया जा रहे थे।

पटना से वापस खगड़िया लौट रहे थे

उनका शव कटिहार में एक ट्रेन की बोगी से बरामद किया गया। कटिहार रेल थाना के प्रभारी धनंजय कुमार ने बुधवार को कहा कि दिनकर प्रसाद (28) कैपिटल एक्सप्रेस से पटना से वापस खगड़िया लौट रहे थे, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। ट्रेन के सामान्य बोगी से शव को कटिहार रेलवे स्टेशन पर उतरा गया। आपको बता दें कि इससे पहले तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के फाउंडर एनटीआर के बेटे और अभिनेता-राजनेता एन.हरिकृष्णा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। यह हादसा तेलंगाना के नालगोंडा जिले में बुधवार सुबह हुआ।

कारणों का अब तक पता नहीं चल सका

उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। मौत के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मौत का कारण हार्टअटैक बताया जा रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चल सकेगा। दिनकर की मौत के बाद कटिहार और खगड़िया में भाजपा के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।

Published on: