कर्नाटक में सोनिया गांधी ने कहा कि मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं जो सिर्फ बोलते हैं और मुद्दों की बात पर खामोश रहते हैं।
नई दिल्ली। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के आखिरी दौर में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोर्चा संभाला है। अपनी पहली चुनावी जनसभा में उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कामकाज की तारीफ करने के साथ पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा।
पढ़िए... यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के भाषण की बड़ी बातें
- पीएम मोदी को गौरव है कि वह अच्छा भाषण देते हैं। मैं सहमत हूं। वह अभिनेता की तरह बोलते हैं। अगर भाषण देश का पेट भरता है तो मैं उनसे भी अच्छा भाषण दे सकती हूं। केवल भाषण से कुछ नहीं होता। भाषण से मरीज का स्वास्थ्य ठीक नहीं हो सकता, इसके लिए अस्पताल चाहिए। भाषण से किसान को राहत नहीं मिल सकती इसके लिए सुविधाएं चाहिए। भाषण से रोजगार नहीं मिलता इसके लिए संकल्प की जरूरत होती है।
- मोदी जी ने चार साल पहले देश को भ्रष्टाचार से मुक्त करने की बात की थी। मोदी इसी वादे के साथ चार साल पहले सत्ता में आए थे। उन्होंने पूछा अब इस वादे का क्या हुआ। चार साल बाद भी अब तक लोकपाल क्यों नहीं लाए। उन्होंने सवाल किया क्या भ्रष्टाचार उन्मूलन का यही मोदी मॉडल है।
- हैरानी की बात है कि मोदी जी इतिहास को तोड़ते मरोड़ते हैं और स्वतंत्रता सेनानियों का राजनीति के लिए इस्तेमाल करते हैं। क्या यह सब करना एक प्रधानमंत्री को शोभा देता है। क्या पहले किसी प्रधानमंत्री ने इस तरह से काम किया है।
- मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं जो सिर्फ बोलते हैं और मुद्दों की बात पर खामोश रहते हैं। चार साल पहले उन्होंने जो वादे किए थे उनमें से किसी भी वादे को पूरा नहीं किया है।
- मोदी कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हैं। उन्हें कांग्रेस मुक्त भारत का भूत लगा है। वह नफरत फैलाने का काम करते हैं। कांग्रेस सरकारों ने जो काम किया है चार साल से मोदी सरकार उन्हें खत्म करने में जुटी है। मोदी सरकार में लोगों को जो मुसीबत झेलनी पड़ रही है पहले कभी ऐसी दिक्कत नहीं झेलनी पड़ी।
- कर्नाटक में चार साल में भयानक सूखा पड़ा है। आपके मुख्यमंत्री ने आपको केंद्र सरकार से मदद देने के लिए प्रधानमंत्री से समय मांगा लेकिन समय नहीं दिया गया। यह कर्नाटक के मुख्यमंत्री का नहीं बल्कि कर्नाटक के लोगों का अपमान है।
- यूपीए प्रमुख ने मोदी पर भेदभाव करने का आरोप लगाया और कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि कर्नाटक के अलावा अन्य जिन राज्यों में सूखा पड़ा मोदी सरकार ने वहां के लिए हजारों का पैकेज देने की घोषणा की है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही ‘सबका साथ और सबका विकास’ है।