राजनीति

West Bengal By Elections: बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी, TMC-BJP के बीच कड़ा मुकाबला

West Bengal By Elections बंगाल की चार विधानसभा दिनहाटा, शांतिपुर, खड़दह और गोसाबा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है, वोटिंग के चलते सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं लोग सुबह से ही घरों से निकल कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं

2 min read
Oct 30, 2021
West Bengal By Elections

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा दिनहाटा, शांतिपुर, खड़दह और गोसाबा सीटों पर आज उपचुनाव के लिए मतदान ( West Bengal By Elections ) हो रहा है। इस सभी सीटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर चारों सीटों पर केंद्रीय बल की 92 कंपनियां तैनात की गई हैं। पहले 80 कंपनियां तैनात की जानी थीं, लेकिन हालातों को देखते हुए चुनाव आयोग के कड़ी सुरक्षा प्रबंधन के निर्देश जारी किए थे।

इसी के तहत 12 अतिरिक्त कंपनियां तैनात की गईं। चारों सीटों पर तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला है। खासतौर पर दिनहाटा सीट (Dinhata Seat) पर सबकी निगाहें टिकी हैं, क्योंकि यहां टीएमसी नेता पिछले चुनाव में बीजेपी से हार गए थे।

सिर्फ 57 वोटों से हारे थे गुहा
टीएमसी के दिग्गज नेता (TMC Leader) उदयन गुहा दिनहाटा सीट से चुनावी मैदान में हैं। दरअसल अप्रैल में हुए चुनाव में यह सीट उनसे छिन गई थी। इस सीट पर बीजेपी उम्मीदवार निशिथ प्रमाणिक ने जीत हासिल की थी। उन्होंने गुहा को सिर्फ 57 वोटों से शिकस्त दे दी थी।

दरअसल शांतिपुर सीट भी बीजेपी ( BJP P ) के लिए साख की लड़ाई है। इस सीट पर बीजेपी उम्मीदवार बृजकिशोर गोस्वामी का मुकाबला टीएमसी के निरंजन बिस्वास से है।

वहीं खरदा विधानसभा सीट पर टीएमसी ने शोभनदेव चट्टोपाध्याय को मैदान में उतारा है। उनके सामने बीजेपी ने जॉय साहा को उतारा है। गोसाबा सीट पर टीएमसी उम्मीदवार सुब्रत मंडल का मुकाबला बीजेपी के पलाश राहा से है।

इसलिए हो रहा उपचुनाव
शांतिपुर सीट बीजेपी सांसद जगन्नाथ सरकार के विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई है। वहीं खरदा सीट से टीएमसी विधायक काजल सिन्हा की कोरोना की वजह से मौत के बाद चुनाव हो रहा है। गोसाबा सीट पर भी टीएमसी विधायक जयंत नासकर की कोरोना की वजह से मौत हो गई थी, जबकि दिनहाटा सीट पर उपचुनाव की वजह निशिथ प्रमाणिक का विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना है।

Published on:
30 Oct 2021 10:14 am
Also Read
View All