
CG Politics: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होने वाले हैं। उनके दौरे से पहले छत्तीसगढ़ में आदिवासियों के हितों को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने नितिन नवीन के दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि वे जनजातीय गौरव दिवस नहीं, बल्कि विनाश दिवस मनाने के लिए छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। बैज ने कोल खदानों और आदिवासियों के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए सवाल किया कि क्या नितिन नवीन धरमजयगढ़ में आंदोलन कर रहे लोगों से मुलाकात करेंगे?
दीपक बैज ने जनजातीय गौरव दिवस मनाए जाने को बीजेपी का दोहरा रवैया बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार सरगुजा में कोल माइन बेच रही है, वहीं दूसरी ओर आदिवासियों के हितों की बात कर रही है। बैज ने कहा कि जब आदिवासियों ने इसका विरोध किया तो उन्हें जेल भेज दिया गया। उन्होंने दावा किया कि अकेले रायगढ़ जिले में ही 89 कोल फील्ड स्वीकृत किए गए हैं। बैज ने सवाल उठाया कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन धरमजयगढ़ आ रहे हैं, तो क्या वे वहां आंदोलन कर रहे आदिवासियों से बातचीत करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे?
आदिवासी मुद्दों के साथ ही दीपक बैज ने धान खरीदी की तैयारियों और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीदी केंद्रों में पर्याप्त बारदाने नहीं पहुंचे हैं। सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का दावा कर रही है, लेकिन किसानों को जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। बैज ने कहा कि सरकार ने किसानों को एकमुश्त राशि देने का वादा किया था, लेकिन उन्हें पूरी राशि एक साथ नहीं मिल रही है। उन्होंने धान खरीदी की व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने टोकन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि टोकन एप खुलते ही 15 जनवरी तक की तारीखें फुल हो चुकी हैं। ऐसे में किसानों को धान बेचने के लिए टोकन लेने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने धान के उठाव में देरी का मुद्दा भी उठाया और कहा कि इससे संग्रहण केंद्रों में भी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
दीपक बैज ने सरकार की ओर से घोषित अंतर की राशि को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को 13,839 रुपये प्रति एकड़ अतिरिक्त राशि देने का दावा कर रही है, जबकि उनके मुताबिक किसान 19,297 रुपये प्रति एकड़ के हकदार हैं। उन्होंने पूछा कि किसानों को मिलने वाली अंतर की राशि में कटौती क्यों की जा रही है? इसके अलावा बैज ने छोटे सहकारी समितियों में 500 क्विंटल की सीमा तय किए जाने पर भी सवाल उठाया।
दीपक बैज ने बताया कि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत 16 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। उनके दौरे के साथ ही 16 से 25 नवंबर तक सभी बूथों पर वोट चोरी के मुद्दे को लेकर अभियान चलाया जाएगा। बैज ने कहा कि इस अभियान के जरिए बीजेपी और चुनाव आयोग को एक्सपोज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि AICC के निर्देश पर 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत जन चौपाल आयोजित की जा रही हैं। कांग्रेस के कुल 1500 मंडलों में से अब तक 1124 मंडलों में जन चौपाल पूरी हो चुकी हैं।