Asha Bhosle Passes Away: मखमली आवाज़ की मल्लिका कही जाने वाली सुप्रसिद्ध गायिका पद्म विभूषण आशा भोसले के निधन की खबर सामने आने के बाद पूरे देश में शोक की लहर है।
Asha Bhosle Passes Away: मखमली आवाज़ की मल्लिका कही जाने वाली सुप्रसिद्ध गायिका पद्म विभूषण आशा भोसले के निधन की खबर सामने आने के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि इलाज के लिए उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन की खबर के बाद बॉलीवुड और संगीत जगत में गहरा शोक व्याप्त है। देशभर से श्रद्धांजलि संदेश लगातार सामने आ रहे हैं।
आशा ताई के निधन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री समेत अन्य मंत्रियों ने भी गहरा दुःख जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि सुप्रसिद्ध गायिका, पद्म विभूषण आशा भोसले जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। अपनी मधुर, विलक्षण और हृदयस्पर्शी आवाज़ से उन्होंने दशकों तक भारतीय संगीत को समृद्ध किया और करोड़ों हृदयों में अमिट स्थान बनाया।
उनका यह अद्वितीय योगदान युगों-युगों तक अमर रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा। माँ वीणापाणि सरस्वती से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों और उनके असंख्य प्रशंसकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।
लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका और पद्मविभूषण से सम्मानित आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संगीत और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर विशिष्ट पहचान दिलाने वाली सुर साम्राज्ञी, पद्मविभूषण आशा भोसले जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं स्तब्ध कर देने वाला है। उनका जाना केवल एक महान गायिका का निधन नहीं, बल्कि भारतीय संगीत के एक युग का अवसान है। दशकों तक अपनी मधुर, विविधतापूर्ण और जीवंत आवाज़ से उन्होंने संगीत प्रेमियों के हृदयों पर अमिट छाप छोड़ी।
दिवंगत पुण्यात्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके असंख्य प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और इस दुःख को सहने की शक्ति दें। ॐ शांति, शांति, शांति…
पूर्व मंत्री टीएस सिंहदेव ने अपने ट्वीट में कहा, महान गायिका आशा भोसले जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। अपनी अद्वितीय आवाज़ और बहुमुखी प्रतिभा से उन्होंने भारतीय संगीत को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया और पीढ़ियों तक श्रोताओं के दिलों पर राज किया। उनका योगदान अमूल्य है और सदैव स्मरणीय रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों व असंख्य प्रशंसकों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।
डॉ. रमन सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा कि अपने मधुर स्वरों से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को देश-विदेश में विशिष्ट पहचान दिलाने वाली सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले जी का निधन भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके गीतों ने हर वर्ग और हर पीढ़ी के हृदय को स्पर्श किया है। संगीत क्षेत्र में उनका अद्वितीय योगदान आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन देता रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों और उनके असंख्य प्रशंसकों को इस दुःख को सहने की शक्ति दें।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को अचानक दिल और सांस लेने में तकलीफ होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत आईसीयू (ICU) में शिफ्ट किया और उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही थी। रविवार सुबह उनके बेटे आनंद भोसले ने इस दुखद खबर की पुष्टि की। परिवार ने बताया है कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार शाम 4 बजे मुंबई में किया जाएगा।
आशा भोसले ने अपने करियर में 20 से अधिक भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गाने गाए। उनके गाने 'इन आँखों की मस्ती', 'दम मारो दम', 'पिया तू अब तो आजा' और 'चुरा लिया है तुमने' आज भी लोकप्रिय हैं। आशा भोसले मशहूर थिएटर एक्टर और क्लासिकल सिंगर दीनानाथ मंगेशकर की बेटी और लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। जब वह सिर्फ 9 वर्ष की थीं तब उनके पिता का निधन हो गया था, जिसकी वजह से उन्होंने बहन लता मंगेशकर के साथ मिलकर परिवार को सपोर्ट करने के लिए गायन शुरू कर दिया था।