
CG Liquor Scam: छत्तीसगढ़ के 3,200 करोड़ रुपये के बहुचर्चित शराब घोटाले में विदेश से प्रत्यर्पित कर भारत लाए गए आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को अदालत ने 30 नवंबर तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की रिमांड पर भेज दिया है। शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे उसे रायपुर की अदालत में पेश किया गया। एसीबी कोर्ट में न्यायाधीश की अनुपस्थिति के चलते चतुर्थ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बृजेश राय की अदालत में सुनवाई हुई। जांच एजेंसी ने पूछताछ के लिए 6 दिसंबर तक रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने 30 नवंबर तक की रिमांड मंजूर की।
जानकारी के अनुसार, भारत लाए जाने के बाद विकास अग्रवाल का अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे उसे रायपुर की अदालत में पेश किया गया। एसीबी कोर्ट में न्यायाधीश उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे चतुर्थ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बृजेश राय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
सुनवाई के दौरान EOW ने आरोपी से पूछताछ के लिए 6 दिसंबर तक रिमांड की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उसे 30 नवंबर तक जांच एजेंसी की रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया। रात 12:33 बजे EOW की टीम आरोपी को लेकर मुख्यालय रवाना हुई। अब सोमवार को उसे दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।
मूल रूप से बिलासपुर निवासी विकास अग्रवाल के खिलाफ वर्ष 2022 में गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। नवंबर 2024 में उसके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल होने के बाद भी वह भारत से बाहर यूएई में रह रहा था। वहां वह बोस्टन कंसल्टिंग नामक कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
राज्य पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई के माध्यम से इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। इसके बाद यूएई की एजेंसियों ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया। प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य पुलिस की एस्कॉर्ट टीम यूएई पहुंची और दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उसे भारतीय टीम को सौंप दिया गया।
शुक्रवार को मुंबई एयरपोर्ट पर सीबीआई ने विकास को EOW के हवाले किया। इसके बाद EOW प्रमुख आईजी अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में डीएसपी रोशन आहूजा और डीएसपी राहुल शर्मा की टीम उसे लेकर देर रात रायपुर पहुंची।
अदालत में सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने भारत और यूएई के बीच हुई प्रत्यर्पण संधि और प्रत्यर्पण अधिनियम का हवाला दिया। उन्होंने तर्क दिया कि आरोपी पर उन्हीं अपराधों और धाराओं के तहत मुकदमा चलाया जा सकता है, जिनके आधार पर उसका प्रत्यर्पण किया गया है। प्रत्यर्पण के बाद किसी नए अपराध को जोड़ने पर भी सवाल उठाए गए।
बचाव पक्ष ने विदेश से भारत लाने की प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही पूछताछ के दौरान अधिकृत अधिकारी की मौजूदगी और मानवाधिकारों का पालन सुनिश्चित करने की बात भी रखी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद EOW की रिमांड याचिका पर आदेश पारित किया।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2022 के बीच तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शराब वितरण व्यवस्था में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं। इन गड़बड़ियों से सरकारी खजाने को 3,200 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का आरोप है। विकास अग्रवाल को इस कथित शराब सिंडिकेट में केंद्रीय वित्तीय समन्वयक यानी मनीमैन बताया गया है।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि वह सिंडिकेट के प्रमुख चेहरे अनवर ढेबर का करीबी सहयोगी था। उस पर डिस्टिलरी से कमीशन की रकम वसूलने और उसे अधिकारियों व अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने का आरोप है। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों और वित्तीय माध्यमों के जरिए कथित घोटाले की रकम का स्रोत और वास्तविक मालिकाना हक छिपाने की व्यवस्था संभालने का भी आरोप लगाया गया है।
इसी बीच शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मैनपावर और ओवरटाइम से जुड़ी कथित गड़बड़ियों की जांच के सिलसिले में छत्तीसगढ़ के पांच ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई रायपुर, धमतरी, भिलाई, राजनांदगांव और बिलासपुर में की गई। इस दौरान जेल विभाग के सहायक वित्त अधिकारी राजेंद्र सिंह और धमतरी की अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के आवास पर भी दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की गई। जांच एजेंसी की कार्रवाई देर तक जारी रही।
छत्तीसगढ़ से जुड़े बड़े आर्थिक अपराधों में विदेश में रह रहे आरोपियों को भारत लाने के मामले में इसे जांच एजेंसियों की दूसरी बड़ी सफलता माना जा रहा है। इससे पहले महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में सौरभ चंद्राकर के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई थी। वहीं, शराब घोटाला मामले में कवासी लखमा, सौम्या चौरसिया, अनिल टुटेजा, निरंजन दास, एपी त्रिपाठी, अनवर ढेबर और चैतन्य बघेल सहित कई प्रमुख आरोपी जमानत पर बाहर हैं।
रामगोपाल अग्रवाल अन्य लंबित मामलों के चलते जेल में बंद हैं। फिलहाल विकास अग्रवाल EOW की रिमांड पर है। जांच एजेंसी उससे कथित शराब सिंडिकेट में वित्तीय लेनदेन, कमीशन की रकम और अन्य आरोपियों से संबंधों को लेकर पूछताछ कर सकती है।