
Chhattisgarh MBBS Admission 2026: छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस (MBBS) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 9 अगस्त से शुरू होगी। नीट (NEET UG 2026) क्वालिफाई अभ्यर्थी 16 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीयन कर सकेंगे, जबकि 17 अगस्त तक चॉइस फिलिंग (कॉलेज विकल्प) की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस वर्ष प्रदेश में कुल 2,875 एमबीबीएस सीटें हैं, जिनमें से 2,579 सीटों पर राज्य स्तरीय काउंसलिंग के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीयन कर अपनी पसंद के मेडिकल कॉलेजों का विकल्प भरना होगा। इसके बाद 18 अगस्त को मेरिट सूची जारी की जाएगी, जबकि 20 अगस्त को सीट आवंटन सूची (Allotment List) प्रकाशित होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 21 से 27 अगस्त के बीच संबंधित कॉलेज में प्रवेश लेना होगा।
प्रदेश की कुल सीटों में 252 सीटें ऑल इंडिया कोटा और 44 सीटें सेंट्रल पूल के अंतर्गत आती हैं। ऑल इंडिया कोटे की काउंसलिंग नई दिल्ली से संचालित की जाती है, जबकि सेंट्रल पूल सीटों पर केंद्र सरकार पात्र अभ्यर्थियों के नाम भेजती है। इन दोनों श्रेणियों की सीटें केवल सरकारी मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध हैं।
पहले चरण की काउंसलिंग के बाद यदि सीटें खाली रहती हैं तो उन्हें भरने के लिए चार अतिरिक्त राउंड आयोजित किए जाएंगे। हालांकि चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में अब तक सीटें खाली रहने की स्थिति नहीं बनी है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से किसी भी एजेंट या दलाल के झांसे में नहीं आने की अपील की है। विभाग का कहना है कि मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश केवल निर्धारित ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से होता है। विशेष रूप से एनआरआई कोटे के नाम पर कुछ लोग भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि प्रवेश पूरी तरह नियमों और मेरिट के आधार पर होता है।
छत्तीसगढ़ में एमबीबीएस की कुल 2,875 सीटों में 1,921 स्टेट कोटा, 487 मैनेजमेंट कोटा, 252 ऑल इंडिया कोटा, 171 एनआरआई कोटा और 44 सेंट्रल पूल की सीटें शामिल हैं। इनमें से राज्य स्तरीय काउंसलिंग के माध्यम से 2,579 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग पूरी करने की अपील की है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट और ऑनलाइन काउंसलिंग के आधार पर होगी, इसलिए किसी एजेंट या दलाल के झांसे में न आएं।