
Bastar Students: अब सरकारी नौकरी का सपना होगा आसान!(photo-patrika)
Bastar Students: छत्तीसगढ़ के बस्तर के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जगदलपुर स्थित ज्ञानगुड़ी संस्था अब केवल मेडिकल और कृषि प्रवेश परीक्षाओं तक सीमित नहीं रहेगी। जिला प्रशासन ने संस्था के दायरे का विस्तार करते हुए अब SSC, छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CG Vyapam/CG Selection Board) और रेलवे भर्ती परीक्षाओं की तैयारी भी शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत पहली प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
ग्रेजुएशन स्तर के विद्यार्थियों के चयन के लिए जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जगदलपुर में प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में 120 सीटों के लिए 179 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा शांतिपूर्ण और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संपन्न हुई।
जिला कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर ज्ञानगुड़ी संस्था के शैक्षणिक दायरे का विस्तार किया गया है। अब यहां युवाओं को SSC, रेलवे भर्ती और छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।
प्रवेश परीक्षा के सफल संचालन की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी बी.आर. बघेल ने प्राचार्य रामकुमार बघेल और ज्ञानगुड़ी प्रभारी अलेक्जेंडर एम. चेरियन को सौंपी थी। परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन का मानना है कि ज्ञानगुड़ी संस्था के विस्तार से विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा। अब उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर बेहतर मार्गदर्शन मिलने से सरकारी नौकरियों में उनकी भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है।
ज्ञानगुड़ी संस्था पहले से ही NEET, नर्सिंग और पीएटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराती रही है। हाल ही में संस्था के 47 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की थी। इसी सफलता को देखते हुए अब अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी शुरू की गई है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार और उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें।
Updated on:
02 Aug 2026 01:20 pm
Published on:
02 Aug 2026 01:19 pm
