रायपुर

CM साय का बड़ा फैसला! अब मकान नहीं, छत्तीसगढ़ के इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण करेगा गृह निर्माण मंडल

Chhattisgarh Infrastructure Development: CM विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के नए लोगो का अनावरण किया। अब मंडल सिर्फ आवास नहीं, बल्कि प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।
2 min read
Jun 27, 2026
CM Vishnu Deo Sai
CM Vishnu Deo Sai: CM साय का बड़ा फैसला(photo-patrika)

CM Vishnu Deo Sai: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के बड़े अधोसंरचना विकास कार्यों में भी अहम भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मंडल के नए लोगो का अनावरण करते हुए इसकी नई कार्ययोजना का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया लोगो मंडल की नई सोच, नई दिशा और विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बदलते समय के साथ मंडल की जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं और अब यह प्रदेश के विकास में एक महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में काम करेगा।

Chhattisgarh Housing Board: नए लोगो के डिजाइनर को मिला 2.50 लाख का पुरस्कार

कार्यक्रम में नए लोगो को डिजाइन करने वाले अंशुल कश्यप को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सम्मानित किया। उन्हें 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोगो संस्था के बदलते स्वरूप और भविष्य की योजनाओं का प्रतीक है।

आवास मेले के विजेताओं को बांटे गए पुरस्कार

वर्ष 2025 में आयोजित आवास मेले के दौरान मकान बुक कराने वाले हितग्राहियों के लिए लकी ड्रॉ निकाला गया था। इसके विजेताओं को कार्यक्रम में पुरस्कार दिए गए। सारंगढ़ की पूजा बरेठ ने प्रथम पुरस्कार के रूप में कार जीती। इसके अलावा विजेताओं को स्कूटी, एलईडी टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसे पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

दो साल में 1500 करोड़ से ज्यादा का राजस्व

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में गृह निर्माण मंडल ने 7 हजार से अधिक परिसंपत्तियों की बिक्री की है, जिससे करीब 1,500 करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व प्राप्त हुआ। इससे मंडल की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और अब वह बड़े स्तर की विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की स्थिति में है।

18 लाख प्रधानमंत्री आवासों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी गई थी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, सेवा सेतु, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और बिजली बिल भुगतान समाधान जैसी योजनाओं के जरिए नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अधोसंरचना विकास को मिलेगी नई रफ्तार

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि गृह निर्माण मंडल को अब अधोसंरचना विकास की जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश में पूंजीगत विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में नई आवासीय योजनाएं पर्याप्त मांग और बुकिंग के आधार पर शुरू की जाएंगी, जिससे वित्तीय अनुशासन बना रहेगा और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा।

मांग आधारित परियोजनाओं पर रहेगा फोकस

मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि संस्था अब मांग आधारित, गुणवत्तापूर्ण और आर्थिक रूप से व्यवहारिक परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित करेगी। आधुनिक कार्यप्रणाली और बेहतर वित्तीय प्रबंधन के जरिए मंडल प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका को और मजबूत करेगा।

Published on:
27 Jun 2026 02:23 pm