
Mahatari Vandan Yojana: छत्तीसगढ़ की हजारों पात्र महिलाएं महतारी वंदन योजना के नए पंजीयन का लंबे समय से इंतजार कर रही हैं। योजना शुरू होने के बाद भी कई महिलाएं आवेदन नहीं कर पाईं या तकनीकी कारणों से लाभ से वंचित रह गईं। अब एक बार फिर पोर्टल दोबारा शुरू होने की चर्चा तेज है। हालांकि सरकार की ओर से लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू नहीं हो सकी है।
करीब डेढ़ साल से महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से यह दावा किया जा रहा है कि नए पंजीयन की तैयारी चल रही है। पात्र विवाहित महिलाएं उम्मीद लगाए बैठी हैं कि जल्द ही पोर्टल शुरू होगा और उन्हें भी योजना का लाभ मिल सकेगा। फिलहाल विभाग की ओर से कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हाल ही में कहा था कि योजना के विस्तार को मुख्यमंत्री की मंजूरी मिल चुकी है। विभाग तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। सरकार की योजना है कि पहले चरण में बस्तर संभाग से आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाए, इसके बाद अन्य संभागों में भी पोर्टल खोला जाएगा।
पोर्टल दोबारा शुरू होने से उन महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जो पहले आवेदन नहीं कर सकीं या पात्र होने के बावजूद योजना में शामिल नहीं हो पाईं। नए पंजीयन के बाद उन्हें भी महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ मिल सकेगा।
योजना से जुड़ी एक और समस्या लाभार्थियों के खाते में राशि पहुंचने में हो रही देरी है। पहले हर महीने तय समय पर राशि जारी होती थी, लेकिन अब भुगतान की कोई निश्चित तारीख नहीं रह गई है। पिछले महीने भी महिलाओं के खातों में राशि 14 तारीख को पहुंची। लगातार हो रही देरी से लाभार्थियों में नाराजगी बढ़ रही है।
महिलाओं के बीच यह चर्चा भी है कि अन्य राज्यों में महिला सहायता योजनाओं की राशि बढ़ाई जा रही है, जबकि छत्तीसगढ़ में न तो नई पात्र महिलाओं को शामिल किया जा रहा है और न ही सहायता राशि बढ़ाने पर कोई निर्णय लिया गया है। इससे योजना के विस्तार को लेकर सरकार पर दबाव भी बढ़ रहा है।
इसी बीच दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' का ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने योजना की शुरुआत करते हुए बताया कि पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। पोर्टल लॉन्च होते ही ऑनलाइन पंजीयन शुरू हो गया और कुछ ही समय में सैकड़ों महिलाओं ने आवेदन भी कर दिया।
छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाएं अब महतारी वंदन योजना के पोर्टल दोबारा खुलने और नए पंजीयन की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रही हैं। यदि सरकार जल्द प्रक्रिया शुरू करती है, तो बड़ी संख्या में नई पात्र महिलाओं को भी इस योजना का लाभ मिल सकेगा।