
CG Cyber Fraud: छत्तीसगढ़ के गोबरा नवापारा की एक 20 वर्षीय युवती साइबर ठगी का शिकार हो गई। ओडिशा के प्रसिद्ध तीर्थस्थल जगन्नाथ पुरी में दर्शन करने जाने की तैयारी कर रही युवती ने ऑनलाइन होटल की तलाश की थी। इसी दौरान ठगों ने होटल में कमरा बुक करने के नाम पर उससे 90,249 रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पहले एडवांस भुगतान कराया और फिर तकनीकी खराबी का बहाना बनाकर रिफंड दिलाने के नाम पर कई बार पैसे ट्रांसफर करवाए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गोबरा नवापारा के सदर रोड निवासी तोषिबा सिन्हा ने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की है। वह जगन्नाथ पुरी की धार्मिक यात्रा पर जाने वाली थीं। इसके लिए उन्होंने 7 अक्टूबर को इंटरनेट पर ठहरने के लिए होटल तलाशना शुरू किया।
गूगल पर सर्च करने के दौरान उन्हें 'एसकेएस बीच होटल स्पा' नाम से एक वेबसाइट मिली। युवती ने वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया। सामने वाले व्यक्ति ने दो दिन के कमरे का किराया 14 हजार रुपये बताया और बुकिंग पक्की करने के लिए 50 प्रतिशत एडवांस यानी 7 हजार रुपये क्यूआर कोड के जरिए भेजने को कहा।
युवती ने होटल बुकिंग के लिए 7 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसने बुकिंग की रसीद मांगी, तो सामने वाले व्यक्ति ने सिस्टम में तकनीकी खराबी आने की बात कही। ठग ने दावा किया कि पहले भेजी गई रकम वापस की जा रही है और बुकिंग के लिए दोबारा भुगतान करना होगा।
रकम वापस मिलने की उम्मीद में युवती उसके झांसे में आती गई। आरोपी ने कभी सिस्टम में एरर तो कभी सर्वर फेल होने का बहाना बनाकर अलग-अलग रकम ट्रांसफर करवाई। इस दौरान युवती से 7,049 रुपये, दो बार 14,049 रुपये, फिर 28,099 रुपये और आखिर में 19,999 रुपये लिए गए।
युवती के बैंक खाते से कुल छह ट्रांजेक्शन में 90,249 रुपये कट गए। इसके बावजूद न तो होटल का कमरा बुक हुआ और न ही उसकी रकम वापस मिली। जब युवती ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, तो आरोपी का मोबाइल नंबर बंद आने लगा। इसके बाद उसे साइबर ठगी का अहसास हुआ।
ठगी का पता चलने के बाद पीड़िता ने गोबरा नवापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर के धारक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े मोबाइल नंबर और लेनदेन की जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
ऑनलाइन होटल बुकिंग करते समय ठगी से बचने के लिए होटल की आधिकारिक वेबसाइट और संपर्क नंबर की पुष्टि जरूर करें। केवल गूगल सर्च या वेबसाइट पर दी गई जानकारी पर भरोसा न करें और अनजान व्यक्ति के भेजे क्यूआर कोड पर पैसे ट्रांसफर करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें। अगर कोई रिफंड के नाम पर बार-बार भुगतान करने को कहे, तो सतर्क रहें। साइबर ठगी होने पर तुरंत बैंक से संपर्क करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।