रायपुर

Raipur: लिव-इन रिलेशनशिप का दर्दनाक अंत! फोन पर बोली थी- ‘घर लौटना चाहती हूं’… अगले दिन मिली मौत की खबर

BEd Student Death: रायपुर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 19 वर्षीय बीएड छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर पार्टनर को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।
2 min read
Aug 06, 2026
Live-in Relationship Case
Live-in Relationship Case: लिव-इन रिलेशनशिप का दर्दनाक अंत(photo-patrika)

Live-in Relationship Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में (Live-in Relationship) लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 19 वर्षीय बीएड छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के शरीर और गले पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। छात्रा की बड़ी बहन की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। छात्रा के साथ रह रहे युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

Student Death Case: किराए के मकान में लिव-इन में रह रही थी छात्रा

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान भारती नेताम (19) के रूप में हुई है, जो कांकेर जिले के कोकपुर गांव की रहने वाली थी। वह रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। पिछले 6-7 महीनों से वह कोंडागांव निवासी और रावतपुरा सरकार महाविद्यालय के छात्र सावंत बघेल के साथ बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

बहन का आरोप- अक्सर करता था मारपीट

मृतका की बड़ी बहन देविका नेताम ने पुलिस को बताया कि सावंत बघेल को भारती पर किसी अन्य युवक के संपर्क में होने का शक था। इसी बात को लेकर वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। देविका के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले भारती ने फोन कर बताया था कि उसके साथ फिर मारपीट हुई है और वह घर लौटना चाहती है, लेकिन उसके पास पैसे नहीं हैं। इस पर देविका ने उसके खाते में ऑनलाइन 3 हजार रुपये भेजे थे।

इलाज के दौरान हुई मौत

देविका ने बताया कि 4 अगस्त की रात उन्हें फोन पर सूचना मिली कि भारती को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया है, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद 5 अगस्त को परिजन रायपुर पहुंचे।

शरीर पर मिले चोट के निशान

पुलिस जांच में मृतका की बाईं आंख के नीचे, गर्दन के पीछे और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। गले पर भी चोट के निशान होने से परिजनों ने मारपीट के बाद गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी से पूछताछ जारी

मृतका की बहन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य संदेही सावंत बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
06 Aug 2026 01:23 pm
Published on:
06 Aug 2026 01:21 pm