रायपुर

शिक्षक की पिटाई से छात्र के 3 दांत टूटे, जबड़ा फटा! रायपुर के स्वामी आत्मानंद स्कूल पर उठे कई सवाल

Government School News: रायपुर के स्वामी आत्मानंद स्कूल में शिक्षक पर तीसरी कक्षा के छात्र से मारपीट का आरोप है। परिजनों के मुताबिक बच्चे के तीन दांत टूट गए और जबड़ा फट गया। मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में की गई है।
2 min read
Aug 07, 2026
Student Assault
Student Assault: शिक्षक की मार से बच्चे के ३ दांत टूटे(photo-patrika)

Student Assault: छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर के भनपुरी स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल में तीसरी कक्षा के एक छात्र के साथ कथित मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक की पिटाई से छात्र के तीन दांत टूट गए और उसका जबड़ा फट गया। घायल बच्चे की हालत ऐसी है कि वह ठीक से बोल और खाना नहीं खा पा रहा है। फिलहाल उसे पाइप के जरिए दूध पिलाया जा रहा है। मामले को लेकर परिजनों ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

Swami Atmanand School: शिक्षक पर बेरहमी से मारपीट का आरोप

परिजनों के मुताबिक, तीसरी कक्षा के छात्र विकाश निषाद के साथ शिक्षक ने कथित रूप से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि बच्चे के मुंह में गंभीर चोटें आईं और उसके तीन दांत टूट गए। घटना के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

प्राचार्य पर लीपापोती का आरोप

परिवार का आरोप है कि घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय उसे दबाने की कोशिश की। परिजनों का कहना है कि शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय प्राचार्य ने शिकायत करने पहुंचे परिवार के साथ भी कथित रूप से दुर्व्यवहार किया।

'धमकी देने' का भी आरोप

अभिभावकों का आरोप है कि जब उन्होंने स्कूल प्राचार्य से घटना की जानकारी मांगी तो उन्हें सहयोग नहीं मिला। उनका कहना है कि प्राचार्य ने उल्टा उन्हें थाने में रिपोर्ट दर्ज कर फंसाने की धमकी दी। वहीं, इस मामले में संपर्क करने की कोशिश के बावजूद प्राचार्य की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

सीएम हेल्पलाइन में की शिकायत

घटना के बाद परिजनों ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर शिक्षक और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि बच्चे की स्थिति गंभीर है और उसे सामान्य रूप से भोजन करने में भी परेशानी हो रही है।

जांच और कार्रवाई की मांग

मामले के सामने आने के बाद स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल संबंधित आरोप पर स्कूल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Updated on:
07 Aug 2026 10:03 am
Published on:
07 Aug 2026 10:00 am