राजनंदगांव

Chhattisgarh Police: मोहला में IG अजय यादव का दौरा, पुलिसकर्मियों से बोले- जनता का भरोसा बनाए रखना जिम्मेदारी

Chhattisgarh News: मोहला जिले में IG अजय यादव ने पुलिस व्यवस्था का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस जिम और यातायात शाखा का उद्घाटन किया और जवानों को जनता का भरोसा बनाए रखने के निर्देश दिए।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 4:53 PM IST
Chhattisgarh Police
Chhattisgarh Police: मोहला में IG अजय यादव का दौरा(photo-patrika)

Chhattisgarh Police: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अजय यादव ने 20 नवंबर 2026 को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले की पुलिस व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों, कार्यालयीन रिकॉर्ड और पुलिस की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। रक्षित केंद्र मोहला में आयोजित निरीक्षण परेड में उत्कृष्ट वेशभूषा और अनुशासित प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही IG ने पुलिस दरबार में जवानों की समस्याएं सुनीं और पुलिस जिम्नेजियम व नवनिर्मित यातायात शाखा का उद्घाटन किया।

Mohla Police: वार्षिक निरीक्षण परेड में जवानों ने दी सलामी

निरीक्षण की शुरुआत रक्षित केंद्र मोहला स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में वार्षिक निरीक्षण परेड से हुई। IG अजय यादव के पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने सलामी दी।

IG ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उत्कृष्ट वेशभूषा और अनुशासित प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। मार्चपास्ट में जवानों ने अनुशासन का प्रदर्शन किया।

पुलिस दरबार में जवानों की समस्याएं सुनीं

रक्षित केंद्र मोहला में आयोजित पुलिस दरबार में IG अजय यादव ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याएं, मांगें और सुझाव सुने। इस दौरान SP वाय.पी. सिंह ने जिले में पुलिस की आधारभूत सुविधाओं, सीमित संसाधनों और शासकीय आवासों की कमी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी।

IG ने नवगठित जिले में सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने जवानों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक निराकरण का आश्वासन दिया।

जनता का भरोसा बनाए रखना हर पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी

पुलिस दरबार को संबोधित करते हुए IG ने कहा कि पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने के लिए प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी का सजग, संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ रहना जरूरी है। उन्होंने कोरोना काल में पुलिस द्वारा किए गए जनसेवा के कार्यों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि आम जनता न्याय और सुरक्षा के लिए पुलिस पर भरोसा करती है। इस विश्वास को बनाए रखना हर पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। पुलिसकर्मियों को अपने व्यवहार और कार्यप्रणाली से जनता का भरोसा मजबूत करना चाहिए।

पुलिस जिम्नेजियम और यातायात शाखा का उद्घाटन

पुलिस दरबार के बाद IG अजय यादव ने रक्षित केंद्र मोहला में नवनिर्मित आधुनिक पुलिस जिम्नेजियम का उद्घाटन किया। इससे पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को शारीरिक फिटनेस बनाए रखने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इसके बाद उन्होंने थाना मोहला परिसर में नवनिर्मित यातायात शाखा का उद्घाटन किया। इससे जिले में यातायात व्यवस्था के संचालन, सड़क सुरक्षा और यातायात संबंधी कार्यों को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

SP कार्यालय और थाना मोहला का भी किया निरीक्षण

वार्षिक निरीक्षण के दौरान IG ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों और रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा की। कार्यालयीन व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता जताई और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया।

इसके बाद थाना मोहला का निरीक्षण कर भवन की साफ-सफाई, शासकीय संपत्तियों के रखरखाव, अपराधों की जांच, विवेचना और अभिलेखों की स्थिति देखी। उन्होंने निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा में पालन कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज, एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज, उप पुलिस अधीक्षक नेहा पवार, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप, थाना प्रभारी संदीप टोप्पो सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज ने आभार व्यक्त किया। जिला पुलिस ने IG के निर्देशों के अनुरूप पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, अनुशासित और जनहितैषी बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

Updated on:
21 Nov 2026, 4:53 PM IST
Published on: