
BREAKING: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में मारपीट और चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। सुकुलदैहान में शराब के नशे में हंगामा कर रहे छोटे भाई को समझाना बड़े भाई को भारी पड़ गया। नाराज छोटे भाई ने हसिया से उसके सिर पर वार कर दिया। वहीं, बसंतपुर थाना क्षेत्र में बहन से बातचीत करने के शक में चार आरोपियों ने 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों घटनाओं में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना 19 नवंबर की शाम करीब 7 बजे सुकुलदैहान के वार्ड नंबर 6 में हुई। जानकारी के अनुसार, भागवत देवांगन (36) शराब के नशे में घर में हंगामा कर रहा था। इस दौरान उसके बड़े भाई लक्ष्मण देवांगन ने उसे समझाने और ऐसा करने से मना किया।
बड़े भाई के समझाने से नाराज होकर भागवत ने घर में रखे हसिया से लक्ष्मण के सिर पर हमला कर दिया। वार लगने से लक्ष्मण का सिर लहूलुहान हो गया। परिजनों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। मामले में पिता विश्वनाथ देवांगन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की है। यहां बहन से बातचीत करने के शक में चार आरोपियों ने 17 वर्षीय किशन रजक पर चाकू से हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने पहले किशन को गली में बुलाया। इसके बाद उसे घेरकर विवाद शुरू कर दिया।
विवाद के दौरान आरोपियों ने किशन के बाएं सीने और कमर पर चाकू से वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पेण्ड्री में भर्ती कराया गया है।
घटना की शिकायत के बाद बसंतपुर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमले के पीछे बहन से बातचीत करने का शक वजह बताया जा रहा है।