Crime News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में घरेलू विवाद के दौरान हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब के नशे में पति द्वारा मारपीट किए जाने से नाराज पत्नी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी जान ले ली। महिला ने पति के चेहरे, गर्दन और सीने पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। वारदात के बाद घर की परछी में खाट पर पति का खून से लथपथ शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में खडग़ांव पुलिस ने मर्ग जांच के बाद आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।