रामपुर

Exclusive: पांच साल में इतनी कम हो गई जया प्रदा की उम्र, जानकर रह जाएंगे दंग

रामपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्‍मीदवार जया प्रदा ने भरा है अपना नामांकन 2019 के लोकसभा चुनाव में अपनी उम्र 57 साल दर्शाई है फिल्‍म अभिनेत्री ने आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी से बीकॉम प्रथम तक हासिल की है शिक्षा
2 min read
• •
Updated: 4 Apr 2019, 1:16 PM IST
jaya prada
Exclusive: पांच साल में इतनी कम हो गई जया प्रदा की उम्र, जानकर रह जाएंगे दंग

ओमपाल सिंह राजपूत, रामपुर। रामपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्‍मीदवार व फिल्‍म अभिनेत्री जया प्रदा ने 3 अप्रैल को अपना नामांकन भर दिया है। नामांकन के दौरान उन्‍होंने जो ब्‍यौरा दिया है, उसमें उनकी उम्र को लेकर एक चौंकाने वाली बात पता चली है।

2004 में सपा के टिकट पर बनी थीं सांसद

जया प्रदा रामपुर से पहली बार 2004 में सपा के टिकट पर सांसद बनी थीं। उस दौरान उन्‍होंने चुनाव आयोग काे जो ब्‍यौरा दिया था, उसके अनुसार उन्‍होंने अपनी उम्र 42 वर्ष दर्शाई थी। इसके पांच साल बाद 2009 लोकसभा चुनाव में उनकी उम्र 47 वर्ष होनी चाहिए, लेकिन यह 45 साल दिखाई गई। मतलब पांच साल में जया प्रदा की उम्र केवल तीन वर्ष बढ़ी। 2009 के बाद उन्‍होंने 2014 का लोकसभा चुनाव रालोद के टिकट पर बिजनौर से लड़ा। इसमें उनकी उम्र 51 साल बताई गई। हिसाब लगाएं तो इस बार पांच साल में उम्र 6 साल बढ़ गई। इस बार 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्‍होंने अपनी उम्र 57 साल दर्शाई है। फिर एक बार पांच साल में उनकी उम्र 6 साल बढ़ गई। हालांकि, विकीपीडिया पर उनकी जन्‍मतिथि 3 अप्रैल 1962 लिखी है। इस हिसाब से इस समय उनकी वर्तमान उम्र 57 साल होनी चाहिए।

पांच साल में इतनी बढ़ी सपंत्ति

अब अगर उनकी संपत्ति की बात करें तो 2004 में जया प्रदा की कुल संपत्ति आठ करोड़ रुपये थे, जबक‍ि उनके ऊपर 3 लाख रुपये की देनदारी थी। 2009 के लोकसभा चुनाव में यह बढ़कर 13 करोड़ हो गई। साथ ही देनदारी भी बढ़कर 13 लाख तक पहुंच गई। इसके पांच साल बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में संपत्ति बढ़कर साढ़े 22 करोड़ से ज्‍यादा हो गई। साथ ही देनदारी भी 39 लाख पार हो गई। इस बार 2019 लोकसभा चुनाव के लिए दिए ब्‍यौरे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 27 करोड़ रुपये है।

दो किलो सोना है उनके पास

अब बात जया प्रदा के जेवरों की करें तो 2004 के लोकसभा चुनाव में उनके पास 7 लाख 50 हजार रुपये के सोने और हीरे के जेवर थे। इसके बाद 2009 के लोकसभा चुनाव में उनके गहनों में बढ़ोतरी हुई। पांच साल बाद उन्‍होंने 17 लाख 15 हजार रुपये का 1225 ग्राम सोना और 30 हजार रुपये की 1.5 किलो चांदी दिखाई। 2014 के लोकसभा चुनाव में उनके पास 55.50 लाख का 2 किलो का सोना और 69 हजार रुपये की चांदी दर्शाई गई। इस बार लोकसभा चुनाव में उनके पास करीब 60 लाख रुपये का दो किलो सोना और करीब 61 हजार रुपये की डेढ़ किलो चांदी बताई गई है।

60 लाख की है सबसे महंगी गाड़ी

आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी से बीकॉम प्रथम तक शिक्षा हासिल करने वाली जया प्रदा गाड़ि‍यों की भी काफी शौकीन हैं। उनके गैराज में 6 गाड़ि‍यां हैं। इसमें से सबसे महंगी 60 लाख रुपये की मर्सिडीज बेंज है। इसके अलावा उनके पास 15 लाख रुपये की ऑडी भी है।

Published on: