
रतलाम। शहर में शुक्रवार शाम को हुई हल्की बारिश ने सुबह से उमस कायम रखी। इसके बाद भी रेलवे अस्पताल में मरीजों को कूलर की सुविधा नहीं मिल पाई। महिला वॉर्ड में लगा हुआ कूलर पानी भरने के नाम पर हटाया तो तीन घंटे बाद आया, जबकि पुरुष वार्ड के कूलर में पानी खत्म होने के बाद चार घंटे तक बोलने के बाद भी कोई नहीं आया। इन सब के बीच चिकि त्सक एसी कक्ष में रहे तो मरीज नाराज हुए।
असल में रेलवे अस्पताल में कूलर निविदा के साथ लगाए जाते है। जो विभाग से कार्य करता, उसने नहीं किया तो डीआरएम के निर्देश पर कूलर खरीदने के ही आदेश दे दिए गए। अब स्थिति ये है कि कूलर की खरीदी तो हुई, लेकिन ये काफी छोटे है। एक बडे़ वार्ड में इनकी हवा अंतिम मरीज तक नहीं पहुंच पाती है।
8 वार्ड, 125 बेड, कूलर कम
रेलवे अस्पताल में कुल 8 वार्ड है। 125 बेड वाले अस्पताल में 8 कूलर खरीदे गए। बडे़ वॉर्ड में कम से कम 20 बेड है। अब स्थिति ये है कि जहां कूलर लगाए जाते है, उससे तीसरे बेड तक ही हवा नहीं आ पाती। महिला वॉर्ड के कूलर में पानी भरने भेजा गया। जिनका ये काम था, वो अन्य कार्य में व्यस्त हो गई। तीन घंटे बाद जब मरीजों के परिजनों ने हंगामा किया तो कूलर भेजा गया। पुरुष वार्ड में तो चार घंटे तक कूलर में पानी ही नहीं था। इसके बाद मरीजों के परिजनों ने तीन बार शिकातय की, तब जाकर चार घंटे बाद पानी भरने का काम हुआ।
सिर्फ एक कूलर
इतने बडे़ वार्ड में सिर्फ एक कूलर लगाया गया है। दिन हो या रात, रुम तपता रहता है। एक बार डॉक्टर साहब भी यहां रहकर देखें तो उनको समझ आए कि किस तरह का मजाक कूलर के नाम पर किया गया है।
- अमित शर्मा, मरीज के परिजन
शिकायत का इंतजार
हम तक किसी ने मरीज ने कोई शिकायत नहीं की है। इसके बाद भी अगर समस्या है तो स्वयं जाकर देखुंगा।
- डॉ. एके मालवीय, अधीक्षक, रेलवे अस्पताल