
रतलाम. कलेक्टर मिशा सिंह ने जिले के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टीआईटी रोड और मुख्यमंत्री संजीवनी दीनदयाल नगर का निरीक्षण किया। गर्भवती महिलाओं को आयरन सुक्रोज लगाने के संबंध में भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर ओपीडी की संख्या, गर्भवती महिलाओं की जांच, उनको आयरन सुक्रोज और आवश्यक प्रबंध संबंधी व्यवस्थाएं जांचीं। उन्होंने आभा पहचान पत्र बनाने की व्यवस्था, मरीजों के लिए दवाइयों की उपलब्धता, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर, टीकाकरण रजिस्टर और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को दी जा रही सेवाओं की वर्तमान स्थिति का विस्तार से जायजा लिया।
सभी आगंतुकों के आभा पहचान पत्र बनाए
कलेक्टर मिशा सिंह ने निर्देश दिए कि शहरी स्वास्थ्य केंद्र टीआईटी रोड पर नियमित चिकित्सक की व्यवस्था की जाए। उन्होंने सभी आगंतुकों के आभा पहचान पत्र बनाने, सभी गर्भवती महिलाओं का अनमोल पोर्टल पर पंजीयन करने, सभी प्रकार के रेकॉर्ड रजिस्टर का व्यवस्थित संधारण करने, चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर चस्पा करने, सेवाओं की वर्तमान स्थिति अद्यतन प्रदर्शित करने और दवाइयों का व्यवस्थित संधारण करने के निर्देश दिए।
सार्थक एप से लगाई जाए उपस्थिति
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शहरी क्षेत्र में कार्यरत मैदानी कर्मचारियों की उपस्थिति सार्थक ऐप के माध्यम से जिला चिकित्सालय के बजाय उनके संबंधित स्वास्थ्य केंद्र पर ही लगाई जाए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडीवा, शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गौरव बोरीवाल, चिकित्सक, एलएचवी, एएनएम और आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।