
कलेक्टर से जनसुनवाई में लगाई गुहार त्वरित निर्णय लेने का आग्रह
रतलाम. जिले के ग्राम बेरछा में निर्माणाधीन सीसी सडक़ और प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। लगातार बारिश के बीच गांव के 8 से 10 परिवार जलभराव के खतरे के साए में जीवन बिताने को मजबूर हैं।
चिंताजनक बात यह है कि ग्रामीण पिछले दो से तीन माह से ग्राम पंचायत से लेकर जनसुनवाई और जिला प्रशासन तक लगातार गुहार लगा रहे हैं, लेकिन आज तक उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। बारिश का दौर शुरू होने के साथ स्थिति दिन प्रतिदिन भयावह होती जा रही है।
बारिश का पानी सीधे मकानों की ओर आने लगा
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से खेतों की ओर जाने वाली प्राकृतिक नाली से वर्षा का पानी आसानी से निकल जाता था, लेकिन वर्तमान में ग्राम पंचायत की ओर से बनाई जा रही सीसी सडक़ का स्तर अधिक ऊंचा रखने के कारण पानी का प्राकृतिक बहाव बाधित हो गया है। अब बारिश का पानी सीधे मकानों की ओर आने लगा है, जिससे घरों में जलभराव की स्थिति बन रही है।
कलेक्टर से लगाई गुहार, समस्या गंभीर शीघ्र करें निराकरण
प्रभावित ग्रामीण अमृतलाल पोरवाल, आनंदीलाल पोरवाल और बबीता बाई सहित अन्य परिवारों ने प्रशासन से गुहार लगाई है। वर्ष 2013 में बबीता बाई का मकान भी ऐसी ही स्थिति में ढह चुका था। ग्रामीणों का सुझाव है कि सर्वे नंबर 113 की खाली भूमि से नाली का मार्ग परिवर्तित किया जाए और सीसी सडक़ का स्तर पुरानी कच्ची सडक़ के समान रखा जाए।
यह समस्या गंभीर रूप ले सकती
ग्रामीणों ने कलेक्टर से तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार करने का आग्रह किया हैं, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। यदि शीघ्र निर्णय नहीं किया गया तो यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है।
बैंक आउटसोर्स कर्मचारी पर धोखाधड़ी का आरोप
कलेक्टोरेट एसपी कार्यालय में आवेदन देकर यूको बैंक के एक आउटसोर्स कर्मचारी पर पांच एफडी तोडऩे का धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। मंगलवार को टाटा नगर, मेन रोड निवासी संजय लोढ़ा ने जनसुनवाई में आवेदन देकर बताया कि बैंक के आउटसोर्स कर्मचारी राहुल राठौड़ ने उनकी यूको बैंक की पांच एफडी धोखाधड़ी से तोडकऱ राशि निकाल ली। इसकी जानकारी उन्हें 30 मई 2026 को मिली थी, जिसके बाद माणकचौक थाना में शिकायत दर्ज की गई। लोढ़ा का आरोप है कि एफआईआर के बाद भी राहुल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई और न ही एफडी की राशि वापस मिली है। उन्होंने बताया कि राहुल ने अन्य ग्राहकों के साथ भी धोखाधड़ी की है। बैंक को दिए नोटिस पर भी कार्रवाई नहीं हुई। लोढ़ा ने कलेक्टर से राहुल की उच्च स्तरीय जांच, संबंधित बैंक अधिकारी पर कार्रवाई और एफडी की राशि दिलवाने की मांग की है। इसी तरह मुस्कान प्रजापत, डाली गवली, पिंकी गिरी, विनोद सोलंकी, अंकित जादव आदि ने भी धोखाधड़ी का आरोप लगाया हैं।
भूमि सीमांकन न होने से विवाद, कलेक्टर से गुहार
जिले के जावरा तहसील के निम्बोदिया गांव में एक वृद्ध ने अपनी भूमि का सीमांकन नहीं होने पर कलेक्टर से गुहार लगाई है। निम्बोदिया निवासी 66 वर्षीय वृद्ध प्यारचंद पुत्र रतनलाल ने जनसुनवाई में आवेदन देकर बताया कि उनकी भूमि का सीमांकन काफी समय से लंबित है। उन्होंने बताया कि इस भूमि को लेकर उनके भाई से विवाद चल रहा है। प्यारचंद ने शिकायत में कहा कि सीमांकन के लिए तहसीलदार जावरा ने 3 मई 2026 को राजस्व निरीक्षक और मौजा पटवारी को आदेश किया था, लेकिन आज तक सीमांकन नहीं किया है। इस कारण भूमि विवाद गहराता जा रहा है। उन्होंने कलेक्टर से तत्काल सीमांकन करवाने का आदेश देने का आग्रह किया, ताकि विवाद का समाधान हो सके। जनसुनवाई में आवेदन का निराकरण 1 माह तक किया जाएगा का पर्ची दी गई हैं।
किसान को छह साल से तालाब निर्माण के भुगतान का इंतजार
जिले की रावटी तहसील के बजरंगगढ़ निवासी प्रवीण देवड़ा ने अपने खेत तालाब निर्माण कार्य करवाया, इसका भुगतान छह वर्ष बाद भी लंबित है। प्रवीण ने कलेक्टर कार्यालय में दिए आवेदन में बताया कि शासन की योजना अंतर्गत स्वीकृत खेत तालाब का निर्माण लगभग 12 पूर्व पूर्ण रूप से बनवा दिया। इस कार्य में लगे लगभग 15 श्रमिकों के बैंक खाता विवरण भी संबंधित ग्राम पंचायत को सौंप दिए थे, लेकिन आज दिनांक तक कार्य का भुगतान या बजट स्वीकृत नहीं किया है। प्रवीण का आरोप है कि इस संबंध में ग्राम पंचायत के सरपंच और मंत्री से कई बार संपर्क किया पर वे लगातार "जॉब कार्ड नहीं है" जैसे बहाने बनाते हुए कार्य को टाल रहे हैं। उन्हें डेढ़ वर्ष से केवल आश्वासन देकर लगातार गुमराह किया जा रहा है।
Updated on:
01 Jul 2026 10:52 pm
Published on:
01 Jul 2026 10:39 pm
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
