
प्रतीकात्मक तस्वीर
रतलाम. माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी मुख्य परीक्षाओं का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। मंडल द्वारा जारी टाइम-टेबल के अनुसार कक्षा 12वीं की मुख्य परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेगी, जबकि कक्षा 10वीं की परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक आयोजित की जाएगी। नियमित और स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए निर्धारित दोनों परीक्षाओं का समय सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक रहेगा।
परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के साथ ही विद्यार्थियों को अब विषयवार तैयारी के लिए स्पष्ट समय-सारिणी मिल गई है। मंडल ने मुख्य परीक्षाओं के अलावा प्रायोगिक परीक्षाओं तथा 10वीं-12वीं की द्वितीय परीक्षाओं का कार्यक्रम भी निर्धारित किया है। 12वीं परीक्षा की शुरुआत 17 फरवरी को होगी। पहले दिन बायोटेक्नोलॉजी, गायन-वादन तथा तबला-पखावज विषयों की परीक्षा होगी। इसके बाद 18 फरवरी को उर्दू एवं मराठी, 20 फरवरी को संस्कृत और 22 फरवरी को एनएसक्यूएफ के समस्त विषय, शारीरिक शिक्षा तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा होगी। 23 फरवरी को हिंदी, 24 फरवरी को ड्राइंग एवं डिजाइनिंग, 25 फरवरी को मनोविज्ञान और 26 फरवरी को अंग्रेजी का पेपर होगा। एक मार्च को इंफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेस, 3 मार्च को समाजशास्त्र और 4 मार्च को भौतिक शास्त्र, अर्थशास्त्र सहित निर्धारित अन्य विषयों की परीक्षा होगी। 8 मार्च को जीव विज्ञान, 11 मार्च को राजनीति शास्त्र, 13 मार्च को रसायन शास्त्र, इतिहास, व्यवसाय अध्ययन सहित अन्य निर्धारित विषयों की परीक्षा होगी। 16 मार्च को गणित तथा 17 मार्च को कृषि, गृह शास्त्र, एकाउंटेंसी आदि विषयों की परीक्षा होगी। अंतिम चरण में 19 मार्च को भूगोल, कृषि प्रोडक्शन एंड हॉर्टिकल्चर, रिटेल सेल्स, शरीर रचना विज्ञान एवं स्वास्थ्य आदि विषयों की परीक्षा होगी।
हाईस्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होगी। पहले दिन मराठी, गुजराती, पंजाबी, सिंधी जैसे भाषाई विषयों के साथ चित्रकला, गायन-वादन, तबला-पखावज और कम्प्यूटर की परीक्षा निर्धारित है। 25 फरवरी को एनएसक्यूएफ के समस्त विषय एवं अतिरिक्त भाषायी विषय के रूप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा होगी। 27 फरवरी को उर्दू, 2 मार्च को हिंदी, 5 मार्च को गणित और 9 मार्च को अंग्रेजी की परीक्षा होगी। विद्यार्थियों के लिए गणित में स्टैंडर्ड एवं बेसिक दोनों विकल्प निर्धारित किए गए हैं। इसके बाद 12 मार्च को संस्कृत, 15 मार्च को विज्ञान और 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी। इस तरह हाईस्कूल की मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम 18 मार्च को पूरा हो जाएगा।
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 8 बजे तक पहुंचना होगा। सुबह 8.30 बजे तक परीक्षा कक्ष में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। परीक्षा केंद्र में सुबह 8.45 बजे के बाद किसी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुबह 8.45 बजे प्रश्न-पत्र पढऩे के लिए दिया जाएगा, जबकि 8.55 बजे उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद निर्धारित समय पर परीक्षा प्रारंभ होगी।
Updated on:
18 Aug 2026 12:48 pm
Published on:
18 Aug 2026 12:47 pm
