
cbn seizes 1031 kg doda chura chittorgarh smugglers escape, जब्त किया गया डोडा चूरा (Source-patrika)
Neemuch CBN Doda Chura Seizure: मध्यप्रदेश के नीमच में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 हजार 31 किलो 580 ग्राम (एक टन से अधिक) अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक पिकअप वाहन जब्त भी जब्त किया गया है, हालांकि बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर भागने में सफल रहा जिसकी तलाश की जा रही है।
सीबीएन को राजस्थान पंजीयन वाले एक पिकअप वाहन से डोडा चूरा की तस्करी किए जाने की विशिष्ट सूचना मिली थी। इसके आधार पर सीबीएन प्रथम खंड के अधिकारियों ने संदिग्ध मार्ग पर निगरानी शुरू करते हुए नाकाबंदी की। 16 अगस्त की सुबह चित्तौडगढ़ जिले के पालचा-उदपुरा मार्ग पर सूचना के अनुरूप संदिग्ध पिकअप नजर आया। सीबीएन टीम ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भगाते हुए सरकारी वाहन को टक्कर मारने का प्रयास किया। इसके बाद चालक ने सरकारी वाहन को पार कर मौके से निकलने की कोशिश की। सीबीएन अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर पिकअप को रोक लिया। हालांकि अंधेरे, भारी बारिश और पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्र होने का फायदा उठाकर वाहन में सवार व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
जब्त पिकअप को सीबीएन कार्यालय नीमच लाया गया। यहां वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर 51 एचडीपीई प्लास्टिक बोरियों में उक्त मात्रा में डोडा चूरा मिला। बरामद मादक पदार्थ और वाहन को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत विधिवत जब्त किया गया है। मामले में सीबीएन की जांच जारी है। जांच एजेंसी फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ डोडा चूरा की स्रोत, परिवहन व्यवस्था और संभावित गंतव्य का पता लगाने में जुटी है। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सीबीएन मध्य प्रदेश इकाई के अनुसार मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और इसमें संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
16 Aug 2026 10:13 pm
Published on:
16 Aug 2026 10:13 pm
