
Shahjahanpur News: शाहजहांपुर में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। पुवायां थाना क्षेत्र के मुड़िया कुर्मियात गांव में एक मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय कमरे में मौजूद दो साल के आरव, राजन (26) और काजल (27) मलबे में दब गए। हादसे में आरव और राजन की मौत हो गई, जबकि काजल गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मलबे से निकालने के बाद काजल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, राजन कोरी, काजल और करीब दो साल का आरव बारिश से बचने के लिए घर के पक्के कमरे में मौजूद थे। इसी दौरान कमरे का लेंटर अचानक तेज आवाज के साथ भरभराकर नीचे गिर गया। कमरे में मौजूद तीनों लोग मलबे के नीचे दब गए। लेंटर गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत और बचाव का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया।
मलबे से बाहर निकालने के बाद राजन कोरी और मासूम आरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि काजल गंभीर रूप से घायल मिलीं। ग्रामीणों ने काजल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंडा पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह पड़ोसियों की कच्ची दीवार को हादसे का कारण बनी। लगातार बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी। बताया गया कि दीवार गिरकर राजन के मकान के लेंटर पर आ गिरी। इसके बाद लेंटर उस भार को सह नहीं पाया और भरभराकर नीचे गिर गया। हालांकि पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होगी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुवायां के सीओ और एसडीएम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक आरके रावत ने बताया कि घायल काजल की हालत गंभीर है। उन्हें सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फील्ड यूनिट को भी सूचना दी गई है।