MP News: लेडी CHO को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती, पति का आरोप- BMO और अकाउंटेंट प्रताड़ित कर रहे हैं।
MP News: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस में लेडी सीएचओ ने अपने दफ्तर में खुदकुशी करने की कोशिश की। तबीयत बिगड़ने पर लेडी सीएचओ को अस्पताल ले जाया गया जहां से शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, वहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद लेडी सीएचओ के पति ने BMO और अकाउंटेंट प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि BMO और अकाउंटेंट मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। देर रात 11 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करते थे और वेतन काटने की धमकी भी दे रहे थे।
कोलारस के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आटामानपुर में पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) डॉ. शीतल सिसोदिया ने मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अपने दफ्तर में खुदकुशी करने की कोशिश की। खुदकुशी करने के इरादे से डॉ. शीतल ने एक साथ बीपी की 20 गोलियां खा लीं। कुछ देर में ही तबीयत बिगड़ी और वो दर्द से तड़पने लगीं। जिसके बाद साथी कर्मचारी तुरंत उन्हें इलाज के लिए खरई उप स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर कर दिया गया।
लेडी सीएचओ डॉ. शीतल सिसोदिया के खुदकुशी करने की कोशिश करने के बाद उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वहीं उनके पति डॉ. विकास ने ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) डॉ. संजय राठौर और अकाउंटेंट संजय जैन पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पति डॉ. विकास का आरोप है कि बीएमओ और अकाउंटेंट लगातार पत्नी को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। पत्नी ईमानदारी से अपना काम करती है फिर भी उसे परेशान किया जा रहा था और वेतन काटने की धमकी दी जा रही थी। विकास के मुताबिक एक साल का बच्चा होने के बावजूद पत्नी शीतल समय पर ड्यूटी जाती थी और ईमानदारी से काम करती थी। इसके बाद भी उसे बार-बार नोटिस दिया गया। वहीं बीएमओ डॉ संजय राठौर ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कार्य समीक्षा के लिए बैठकें लेना सामान्य प्रक्रिया है और किसी कर्मचारी का वेतन नहीं काटा गया है, केवल नोटिस जारी किए गए हैं। मामले में पुलिस एवं विभागीय जांच जारी है।