सीकर

Sikar Murder: सीकर में खूनी हमला, सोते परिवार को बनाया निशाना, कुल्हाड़ी से काट डाला, पिता की मौत, तीन गंभीर

Sikar Murder News: सीकर जिले के तिहावली गांव में देर रात घर में सो रहे एक परिवार पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें पिता की मौत हो गई। हमले में मां और बेटा समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
2 min read
May 04, 2026
sikar murder
मृतक प्रकाश सिंह और घायल महिला। फोटो- पत्रिका नेटवर्क

सीकर। जिले के रामगढ़ शेखावाटी क्षेत्र के तिहावली गांव में देर रात हुए खूनी हमले ने रिश्तों को भी शर्मसार कर दिया और पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पुरानी रंजिश और कथित भ्रष्टाचार की शिकायत से नाराज आरोपियों ने सो रहे एक ही परिवार पर धारदार हथियारों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के मुखिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां, पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल है।

यह वीडियो भी देखें

जानकारी के अनुसार, तिहावली निवासी प्रकाश सिंह (43) रविवार रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। आधी रात के करीब हमलावर घर में घुस आए और कुल्हाड़ी, गंडासी तथा लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान प्रकाश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां नैन कंवर, पत्नी और बेटा अभिजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया। अभिजीत की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जयपुर भेजा गया है।

रिश्तों में रंजिश बनी हत्या की वजह

मृतक प्रकाश सिंह और मुख्य आरोपी ओम सिंह चचेरे भाई थे। ओम सिंह की मां भंवर कंवर ग्राम पंचायत की सरपंच (प्रशासक) हैं और सारा कामकाज ओम सिंह ही देखता है। बताया जा रहा है कि प्रकाश सिंह ने ओम सिंह के खिलाफ विकास कार्यों में गड़बड़ी और सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण की शिकायत प्रशासन से की थी। इसके बाद से दोनों के बीच विवाद गहरा गया था। आरोप है कि पहले भी दिवाली के दौरान घर में जहरीला सांप छोड़ने और दिसंबर 2025 में बेटे पर हमला करवाने जैसी घटनाएं हो चुकी थीं, लेकिन पुलिस स्तर पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस पर लापरवाही के आरोप

घटना के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमले की सूचना तुरंत दी गई, लेकिन करीब तीन घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान आरोपी घर के बाहर खड़े होकर धमकाते रहे, जिससे ग्रामीण भय के कारण घरों से बाहर नहीं निकले। बाद में परिजनों ने दूर रहने वाले रिश्तेदारों को सूचना दी, जो मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

मामले की जांच जारी

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। गांव में स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और जल्द गिरफ्तारी की मांग उठ रही है।

Updated on:
04 May 2026 03:50 pm
Published on:
04 May 2026 03:50 pm