
पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर खड़े परिजन और ग्रामीण। फोटो- पत्रिका
भंवरगढ़ (बारां)। थाना क्षेत्र के डिकोनियां गांव की रानीपुरा सहरिया बस्ती में विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से बस्ती में करंट फैल गया। करंट लगने से पप्पू सहरिया (55) की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय बालिका खुशी सहरिया झुलस गई। करंट फैलने से बस्ती के करीब दो दर्जन घरों के विद्युत उपकरण भी जल गए।
थानाप्रभारी गोपीलाल आर्य ने बताया कि करंट फैलने की सूचना मिलते ही डिकोनियां गांव की विद्युत आपूर्ति बंद करवाई गई। इसके बाद करंट की चपेट में आए पप्पू सहरिया और खुशी सहरिया को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। जांच के बाद चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेन्द्र नागर ने पप्पू सहरिया को मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीण संजय, सुरेश, प्रमेन्द्र, महावीर और किशन सहरिया ने बताया कि सहरिया बस्ती के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर गिर गया, जिससे पूरी बस्ती में करंट फैल गया। इसी दौरान किशनलाल की पुत्री खुशी चार्जिंग पर लगे मोबाइल को हटाने गई तो उसे जोरदार झटका लगा। हादसे में उसके बाएं हाथ की दो अंगुलियां बुरी तरह झुलस गईं। इसी दौरान बिजली बोर्ड से तार हटाने का प्रयास करते समय पप्पू सहरिया करंट की चपेट में आकर झुलस गया। परिजन उसे लेकर भंवरगढ़ चिकित्सालय पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलते ही डिकोनियां गांव और कस्बे के बड़ी संख्या में ग्रामीण चिकित्सालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिजली निगम कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीण शव लेकर सहायक अभियंता कार्यालय पहुंच गए। सूचना पर स्थानीय विधायक भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
विधायक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहायक अभियंता कार्यालय पर धरना दिया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए पांच लाख रुपए मुआवजे की मांग की। बाद में अधिशासी अभियंता जेपी मीणा ने ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने जांच कराकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शव लेकर रवाना हुए और गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
अधिशासी अभियंता जेपी मीणा ने बताया कि डिकोनियां गांव की घटना की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार नियमानुसार मृतक के परिवार को मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
02 May 2026 07:10 pm
Published on:
02 May 2026 07:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
