सिरोही

Rajasthan Accident: राजस्थान में तेज रफ्तार कार का कहर, परिवार को कुचला, मां और दो बेटों की दर्दनाक मौत

Sirohi Road Accident: सिरोही में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया, जिससे मां और दो बेटों की मौत हो गई। हादसे में घायल बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

2 min read
Apr 25, 2026
Sirohi road accident, Mandar accident case Rajasthan, car bike collision Sirohi, family accident Rajasthan news, mother sons death accident, Rajasthan fatal road crash, speeding car accident India, Palanpur hospital case news, Gujarat refer accident victims, Rajasthan highway accident update, Sirohi breaking news, tragic family accident Rajasthan, road safety issue Rajasthan, Bhattana village accident, Rajasthan latest accident news
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। फोटो- पत्रिका

मंडार/भटाणा (सिरोही)। मंडार थाना क्षेत्र में पादर-मेथीपुरा मार्ग पर जोगियों का धोरा गोगाजी थान के पास शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार को उजाड़ दिया। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को कुचल दिया, जिससे एक ही परिवार के तीन सदस्यों, मां और दो बेटों की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। हादसे में कार चालक भी घायल हो गया।

यह वीडियो भी देखें

पुलिस के अनुसार शिवगंज वेरा जेतपुरा हाल भटाणा निवासी छैल कुंवर (45), पत्नी पुरण सिंह राजपूत, अपने पुत्र श्रीपाल सिंह (20), विपुल (13) और बेटी मनीषा कुंवर (12) के साथ मोटरसाइकिल पर भटाणा से गुजरात के वावदरा जा रही थीं। इसी दौरान पादर जोगियों का धोरा गोगाजी थान के पास पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रही कार, जिसे पंकज कुमार कोली चला रहा था, ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बाइक सवारों को रौंदते हुए आगे निकल गई। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

गुजरात रेफर, तीनों ने बीच रास्ते में दम तोड़ा

सूचना मिलते ही एएसआई दिनेश कुमार रावल मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंडार पहुंचाया गया। चिकित्सा प्रभारी बाबूलाल जलनी ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सभी को गुजरात रेफर कर दिया। रास्ते में ही मां छैल कुंवर और दोनों बेटे श्रीपाल सिंह व विपुल ने दम तोड़ दिया। पालनपुर स्थित अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

बेटी की हालत गंभीर

वहीं घायल मनीषा कुंवर को आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में कार चालक पंकज कुमार कोली के पैर में भी फ्रैक्चर हुआ है। घटना की सूचना मृतका के भाई जितेंद्र सिंह पुत्र भीख सिंह राजपूत ने दी। मौके पर नायब तहसीलदार जब्बर सिंह देवड़ा भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम छा गया है, वहीं घायल बेटी के जीवन के लिए दुआएं की जा रही हैं।

Updated on:
25 Apr 2026 09:32 pm
Published on:
25 Apr 2026 09:29 pm