सिरोही

Rajasthan Weather: नवंबर महीने में रिकॉर्ड तोड़ सर्दी, 15 सालों बाद 0°C पर पहुंचा तापमान, जमने लगी बर्फ, IMD ने 5 जिलों में दिया येलो अलर्ट

IMD Yellow Alert: राजस्थान में इस बार नवंबर में ही रिकॉर्ड तोड़ सर्दी दर्ज हुई है और माउंट आबू में तापमान 15 साल बाद 0°C तक पहुंच गया। जिससे खुले मैदानों और पेड़-पौधों पर बर्फ जम गई।
2 min read
Nov 18, 2025
Feature image
फसलों पर जमने लगी बर्फ (फोटो: पत्रिका)

Winter Weather Update: राजस्थान में सर्द हवाओं के चलते न्यूनतम पारे में लगातार गिरावट आ रही है। प्रदेश में नवंबर महीने में ही सर्दी रेकॉर्ड तोड़ रही है। माउंट आबू में सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य पर आ गया। सवेरे खुले मैदानों में बर्फ की सफेद चादर बिछी देखी गई। सोलर प्लेटों, वाहनों की छतों, खेतों, पेड़-पौधों आदि पर भी बर्फ की परत जम गई। यहां सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।

फतेहपुर में पारा 4.9 डिग्री पहुंचा

वहीं दूसरी ओर सोमवार को कुल 17 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इनमें फतेहपुर में 4.9, सीकर में 5.5, नागौर में 5.6 और लूणकरणसर में 5.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम केंद्र ने मंगलवार को अजमेर, झुंझुनूं, कोटा, सीकर, टोंक जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है।

15 सालों बाद न्यूनतम तापमान नवंबर में 0°C

बीते 15 सालों बाद न्यूनतम तापमान नवंबर महीने में शून्य पर आया है। पर्यटन स्थल माउंट आबू में आमतौर पर दिसम्बर महीने में ही न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु पर पहुंचता है। एक दिसंबर 2022 को न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु पर दर्ज किया गया था।

खुले मैदानों में बिछी बर्फ की चादर

इस सीजन में पहली बार पारा शून्य डिग्री पर आने से सवेरे खुले मैदानों में बर्फ की सफेद चादर बिछी नजर आई। सोलर प्लेटों, वाहनों की छतों, खेतों व पेड़-पौधों पर भी बर्फ की परत जम गई। दिन में आसमान के साफ रहने से धूप सेंकने के लिए लोग अपने घरों की छतों, सड़कों के किनारों पर खड़े नजर आए।

गत 15 वर्षों में 17 नवंबर को इतना रहा न्यूनतम तापमान

गत वर्षों के आंकड़ों पर गौर करें तो इससे पहले 2022 में 1 दिसंबर को न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु पर दर्ज किया था। जबकि नवंबर माह में तापमान 4 डिग्री से नीचे नहीं गया।

2024 में 17 नवंबर को पारा 9.4,
2023 में 7,
2022 में 7,
2021 में 5,
2020 में 4,
2019 में 10,
2018 में 7.4,
2017 में 6.6,
2016 में 4,
2015 में 8,
2014 में 9,
2013 में 10,
2012 में 8,
2011 में 9,
2010 में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि इस बार 17 नवंबर को ही तापमापी का पारा शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Updated on:
18 Nov 2025 04:10 pm
Published on:
18 Nov 2025 07:46 am