सीतापुर

डॉक्टर बेटी के साथ लाइव आए भाजपा विधायक, 25 शादियों के आरोपी समधी से तोड़ा नाता, बोले- मां-बहनों से छल करने वाले को मिले फांसी

Sitapur Marriages Case: सीतापुर के BJP विधायक ज्ञान तिवारी ने समधी अनुज त्रिवेदी पर 25 महिलाओं से शादी कर ठगी करने के आरोपों के बाद रिश्ता तोड़ दिया। उन्होंने आरोपी पर सख्त कार्रवाई और बेटी की इच्छा पर FIR दर्ज कराने की बात कही।
2 min read
Aug 07, 2026
BJP MLA Gyan Tiwari
BJP विधायक ज्ञान तिवारी (X Photo Madan Mohan Soni)

BJP MLA Marriage Scam: सीतापुर के सेउता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी अपनी बेटी की शादी के बाद सामने आए एक चौंकाने वाले मामले से खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उनके समधी अनुज त्रिवेदी पर 25 महिलाओं से शादी कर धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। इस पूरे मामले पर विधायक बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी के साथ फेसबुक लाइव आए और समधी से रिश्ता खत्म करने का ऐलान किया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अगर उनकी बेटी चाहेगी तो वह एफआईआर भी दर्ज कराएंगे। हालांकि, पत्रिका इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

फेसबुक लाइव में कहा- खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं

ज्ञान तिवारी ने फेसबुक लाइव के दौरान कहा कि साल 2024 में उन्होंने सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार, अपनी बेटी की शादी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर त्रिवेदी से की थी। उस समय उन्हें समधी पक्ष के बारे में ऐसी किसी जानकारी का पता नहीं था। उन्होंने बताया कि शादी से पहले उन्होंने कई लोगों से परिवार के बारे में जानकारी ली थी, लेकिन किसी ने भी उनके बारे में कुछ गलत नहीं बताया। अब पूरे मामले के सामने आने के बाद वह खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

25 शादियों के आरोप में जेल में है अनुज

मिश्रिख के चंद्रावल निवासी अनुज त्रिवेदी पर 25 महिलाओं से शादी कर ठगी करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि अलग-अलग राज्यों की कई महिलाएं उनके खिलाफ शिकायत कर चुकी हैं। मुंबई में झांसा देकर शादी करने के एक मामले में वह इस समय जेल में हैं। कुछ महिलाएं अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी से मिलकर अनुज की संपत्ति की जांच की मांग भी कर चुकी हैं।

2016 से दर्ज हैं कई मुकदमे

ज्ञान तिवारी ने बताया कि अनुज त्रिवेदी पर साल 2016 से 2021 के बीच महिलाओं से शादी कर धोखाधड़ी करने के कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इसके अलावा भी कई महिलाएं इस तरह के आरोप लगा रही हैं। विधायक ने कहा कि उन्हें बताया गया था कि अनुज रियल एस्टेट का कारोबार करता है और परिवार छोटा तथा अच्छा है। इसी भरोसे पर उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता वहां तय किया था।

बेटी चाहेगी तो दर्ज कराएंगे FIR

विधायक ने कहा कि जानकारी मिल रही है कि अनुज के बेटे प्रखर पर भी कई शादियां करने के आरोप हैं। यदि जांच में उसकी संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मां-बहनों के साथ धोखा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उसे फांसी दी जानी चाहिए। साथ ही कहा कि अगर उनकी बेटी चाहेगी तो वह अनुज त्रिवेदी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराएंगे।

बेटी आत्मनिर्भर है, पूरा परिवार साथ खड़ा है

ज्ञान तिवारी ने कहा कि उनकी बेटी एमबीबीएस डॉक्टर है और पूरी तरह आत्मनिर्भर है। वह अपना जीवन खुद चला सकती है। उन्होंने कहा कि एक पिता के रूप में वह हर परिस्थिति में अपनी बेटी के साथ खड़े रहेंगे। जरूरत पड़ने पर उसके लिए मकान भी बनवाएंगे ताकि उसे किसी तरह की परेशानी न हो।

Updated on:
07 Aug 2026 09:08 am
Published on:
07 Aug 2026 09:08 am