
Hanumangarhi Mahant Raju Das: अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी के चर्चित महंत राजू दास ने रविवार को सीतापुर पहुंचकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जोरदार सियासी हमला बोला। वह रविवार दोपहर करीब 2 बजे यहां राष्ट्रीय सुरक्षा सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनूप खेतान द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे। देशभक्ति के नारों के बीच उन्होंने वंदे मातरम् विवाद से लेकर राम मंदिर चंदा प्रकरण और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी बात बेबाकी से रखी।
राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् को लेकर महंत राजू दास ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम को बीच में ही बंद करा दिया गया। राजू दास ने सख्त लहजे में कहा कि वंदे मातरम इस देश की आन, बान और शान से जुड़ा है और इसे रोकने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इस मामले में कांग्रेस के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग करते हुए कहा कि जो पार्टी इतने लंबे समय तक देश की सत्ता पर काबिज रही हो उसके लिए ऐसी घटना बेहद शर्मनाक है।
समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधते हुए राजू दास ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर एक बहुत बड़ी भविष्यवाणी कर दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अभी टिकट बांटने की बात कर रहे हैं लेकिन वह एक संत हैं और उनकी दृष्टि बहुत दूर तक जाती है। नैमिष की पवित्र धरती से उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में महज 40 सीटों पर सिमट कर रह जाएगी। उन्होंने यहां तक चुनौती दे डाली कि अगर उनका यह दावा गलत साबित होता है तो वह भविष्य में मीडिया के सामने बोलना ही बंद कर देंगे।
समाजवादी पार्टी के पुराने कार्यकाल की याद दिलाते हुए महंत ने कहा कि जिन लोगों ने निहत्थे राम भक्तों के सीने पर गोलियां चलवाई थीं आज वही लोग आस्था की बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष हमेशा से राम मंदिर और लोगों की आस्था के मुद्दे पर सिर्फ ओछी राजनीति करता रहा है और यह सिलसिला आज भी जारी है।
राम मंदिर चंदे में अनियमितता और चोरी के सवाल पर भी महंत राजू दास ने अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि इस पवित्र कार्य में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। भगवान राम के नाम पर किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।