
Rahul Ravindran reply on Ketan Agarwal murder case: पुणे में हुए मशहूर बिजनेसमैन केतन अग्रवाल हत्याकांड (Ketan Agrawal Murder Case) ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है, जहां एक मंगेतर ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। वहीं, अब इस आपराधिक मामले की आंच मनोरंजन जगत तक भी पहुंच गई है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस रीयल-लाइफ मर्डर मिस्ट्री की तुलना रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) की आने वाली तेलुगु फिल्म 'द गर्लफ्रेंड' (The Girlfriend) से कर रहे हैं।
ट्रोलर्स का दावा है कि ऐसी फिल्में समाज में महिलाओं का केवल पीड़ित पक्ष दिखाकर पुरुषों पर होने वाले अत्याचारों को छिपाने का काम करती हैं। जैसे ही इंटरनेट पर ये विवाद बढ़ा फिल्म के डायरेक्टर राहुल रविंद्रन (Rahul Ravindran) का गुस्सा फूट पड़ा है और उन्होंने ट्रोल करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए एक बेहद लंबा और कड़क जवाब दे डाला।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक यूजर ने फिल्म 'द गर्लफ्रेंड' का एक पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि ऐसी फिल्में पुणे मर्डर केस जैसे असल मामलों की सच्चाई को दबा देती हैं। इसके बाद एक अन्य यूजर ने डायरेक्टर राहुल रविंद्रन को टैग करते हुए मांग की कि उन्हें अब "महिलाओं द्वारा पुरुषों पर किए जाने वाले अत्याचारों" पर एक फिल्म बनानी चाहिए।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल रविंद्रन ने साफ लफ्जों में लिखा, "मुझे समाज में महिलाओं द्वारा पुरुषों पर किए जाने वाले व्यवस्थित अत्याचार बिल्कुल नजर नहीं आते। हां, मैं कुछ ऐसी भयानक और दुखद घटनाएं जरूर देखता हूं जहां समाज-विरोधी महिलाएं जघन्य अपराध (जैसे केतन अग्रवाल केस) करती हैं। लेकिन दूसरी तरफ, मैं एक ऐसी सदियों पुरानी व्यवस्था देखता हूं जो हर दिन महिलाओं का दम घोंटती है। छोटे-छोटे सामाजिक हमलों के जरिए महिलाओं को अपनी पहचान समेटने पर मजबूर किया जाता है। एक पुरुष होने के नाते मैंने इस अदृश्य उत्पीड़न को करीब से देखा है और फिल्म के जरिए इसे ही बयां करने की जिम्मेदारी उठाई है।"
केतन अग्रवाल हत्याकांड पर बात करते हुए डायरेक्टर ने माना कि वे अभी तक इस पूरे मामले की कड़ियों से वाकिफ नहीं हैं। उन्होंने कहा, "मैंने अभी इस केस की पूरी डिटेल्स नहीं पढ़ी हैं, मैं जरूर पढ़ूंगा। अगर मुझे इसमें कोई दिलचस्प सिनेमाई कहानी दिखी तो मैं उस पर भी फिल्म बना सकता हूँ। लेकिन ध्यान रहे, वह फिल्म किसी 'एक खास महिला द्वारा किए गए अपराध' पर होगी, न कि पूरे महिला जेंडर पर। किसी एक महिला की गलती के लिए पूरे लिंग को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। मेरी नजर में किसी एक अपराधी और सदियों से चले आ रहे सामाजिक भेदभाव में बहुत बड़ा फर्क है।"
राहुल रविंद्रन ने आगे बताया कि उनकी फिल्म 'द गर्लफ्रेंड' में धीक्षित शेट्टी द्वारा निभाया गया प्रेमी का किरदार कोई हत्यारा या बलात्कारी नहीं है, और न ही फिल्म में कोई शारीरिक शोषण दिखाया गया है। वह एक वफादार प्रेमी है, फिर भी लोग इस फिल्म के कॉन्सेप्ट से आहत हो रहे हैं। उन्होंने अंत में कहा कि अगर किसी को उनकी विचारधारा या फिल्म से कोई समस्या है, तो वे खुलकर बात कर सकते हैं, वे हर सकारात्मक फीडबैक पर आत्मनिरीक्षण करने के लिए तैयार हैं।