Twisha Sharma Death Case: एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के बाद हंगामा मचा हुआ है। उनके माता-पिता जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी बेटी के लिए इंसाफ मांग रहे हैं। वहीं, मनोरंजन जगत में भी मातम छा गया है, ट्विशा के साथ काम कर चुके स्टार्स उनकी मौत से हैरान हो रहे हैं।
Twisha Sharma Death: पूर्व अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्माकी संदिग्ध मौत के मामले ने इस समय पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। 12 मई की रात भोपाल स्थित ससुराल में 33 साल की ट्विशा का शव बरामद हुआ था, जिसके बाद हंगामा मच गया था। उनके परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं हत्या बताया है, और वह अपनी बेटी को लेकर इंसाफ चाहते है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में ट्विशा के पति वकील समर्थ सिंह और उनकी सास जो भोपाल की पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह है, उन पर दहेज हत्या और गंभीर उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। ट्विशा को न्याय दिलाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाल ही में उनके दोस्तों, परिवार और शुभचिंतकों ने दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया।
ट्विशा की मौत को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में उनके साथ काम कर चुके पुराने को-स्टार्स ने गहरा शोक व्यक्त किया है। तेलुगू फिल्म 'मुग्गुरु मोनागल्लू' (2021) में ट्विशा के को-स्टार रहे मशहूर अभिनेता धीक्षित शेट्टी ने उन्हें याद करते हुए कहा, "यह बेहद चौंकाने वाली खबर है। ट्विशा एक बेहद समर्पित, मेहनती और जिंदादिल लड़की थीं। वह जो भी काम करती थीं, पूरे जुनून के साथ करती थीं। यह मानना बहुत मुश्किल है कि उन्होंने अपनी जान खुद ले ली।" धीक्षित ने बताया कि फिल्म के बाद वह संपर्क में नहीं थे, और ट्विशा आगे की पढ़ाई कर अपने परिवार के साथ नोएडा में ही बसना चाहती थीं।
इसी फिल्म में उनके साथ काम कर चुकीं अभिनेत्री और पॉडकास्ट होस्ट श्वेता वर्मा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "शादी के महज छह महीने बाद ही उनके चले जाने की खबर से मैं सदमे में हूं। उनमें कमाल की सकारात्मक ऊर्जा थी, वह ऐसी इंसान कभी नहीं लगीं जो हार मान लें। मुझे उम्मीद है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होगी और सच सबके सामने आएगा।" फिल्म के निर्देशक अभिलाष रेड्डी ने भी ट्विशा को एक बेहद सरल और प्रोफेशनल इंसान बताया।
ट्विशा नोएडा की रहने वाली थी वह पढ़ाई में बेहद होनहार थीं। उन्होंने नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट (NMIMS) से एमबीए (MBA) किया था और वह पूर्व 'मिस पुणे' भी रह चुकी थीं। साल 2024 में एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए उनकी मुलाकात उनके पति समर्थ से हुई थी, जिसके बाद ट्विशा और समर्थ ने पिछले साल 9 दिसंबर, 2025 को दिल्ली में बड़ी धूमधाम से शादी की थी। अपनी मौत के समय वह दिल्ली में एक जर्मन कंपनी (DADB) में कम्युनिकेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं।
इस मामले में भोपाल की सेशंस कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। कोर्ट ने टिप्पणी की है कि शादी के महज छह महीने के अंदर ही अस्वाभाविक परिस्थितियों में ट्विशा की मौत हुई है, जो कि एक गंभीर मामला है। जहां एक तरफ बचाव पक्ष के वकील ने दावा किया कि ट्विशा अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर परेशान थीं और हाउसवाइफ बनकर नहीं रहना चाहती थीं, वहीं दूसरे पक्ष के सरकारी वकील ने कोर्ट को बताया कि ट्विशा को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और उन पर प्रेग्नेंसी खत्म करने का दबाव भी बनाया गया था। फिलहाल, कोर्ट से झटका लगने के बाद आरोपी पति समर्थ सिंह पुलिस की गिरफ्त से दूर है और फरार चल रहा है।