
Yash Movie Toxic Teaser Controversy: साउथ सुपरस्टार यश की मच अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक' का टीजर रिलीज होते ही अब विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल टीजर में दिखाए गए कुछ अश्लील कंटेंट को लेकर अब कर्नाटक की आम आदमी पार्टी की महिला इकाई हरकत में आ गई है। इसे लेकर महिला आयोग और सेंसर बोर्ड के पास शिकायत दर्ज कराई गई है।
दरअसल, कर्नाटक में आम आदमी पार्टी की महिला इकाई ने टीजर में दिखाए गए कुछ सीन को आपत्तिजनक बताते हुए कर्नाटक राज्य महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सेंसर बोर्ड से हस्तक्षेप की मांग की है। टीजर सामने आने के बाद यह बहस तेज हो गई कि क्या फिल्म टॉक्सिक के टीजर में दिखाए गए कुछ सीन सार्वजनिक मंचों के लिए उपयुक्त है या नहीं। महिला संगठनों का आरोप है कि टीजर में ऐसे सीन शामिल हैं जो न सिर्फ अश्लीलता की श्रेणी में आते हैं, बल्कि महिलाओं की गरिमा और सामाजिक मूल्यों को भी ठेस पहुंचाते हैं। इसी आधार पर महिला आयोग से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
आम आदमी पार्टी की महिला विंग की पदाधिकारियों ने आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि बिना किसी आयु चेतावनी के ऐसे सीन सार्वजनिक किए जाना बच्चों और किशोरों पर नकारात्मक असर डाल सकता है। पार्टी ने साफ तौर पर मांग की कि टीजर को सोशल मीडिया और दूसरे सार्वजनिक प्लेटफॉर्म से हटाया जाए या फिर अश्लील कंटेंट को कट कर दिया जाए।
इस मामले में कर्नाटक राज्य महिला आयोग ने भी गंभीरता दिखाते हुए केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की जांच करने और जरूरी कदम उठाने को कहा है। आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि जांच के बाद की गई कार्रवाई की रिपोर्ट उन्हें सौंपी जाए।
टीजर को लेकर विवाद यहीं नहीं रुका। सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश कल्लाहल्ली ने भी टीजर के खिलाफ सीबीएफसी में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि फिल्म की ये अश्लील सामग्री सार्वजनिक शालीनता और नैतिकता के मानकों का उल्लंघन करती है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि ऐसे सीन संवैधानिक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में नहीं आते और कानूनन आपत्तिजनक हैं। कल्लाहल्ली ने मांग की है कि टीजर की दोबारा समीक्षा की जाए, आपत्तिजनक सीन हटाए जाएं और निर्माताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो वह उच्च न्यायालय का रुख करेंगे।
गौरतलब है कि ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स’ एक बड़े बजट की फिल्म है, जिसमें यश के साथ अभिनेत्री कियारा आडवाणी और तारा सुतारिया के अलावा कई चर्चित कलाकार नजर आने वाले हैं। फिल्म 19 मार्च को रिलीज होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही यह विवाद फिल्म निर्माताओं के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। अब देखना यह होगा कि सेंसर बोर्ड की ओर से इस मामले में क्या रुख अपनाया जाता है।