Hanging Bridge in Tonk: बीसलपुर बांध के डाउन स्ट्रीम स्थित पवित्र दह पर 99 करोड़ रुपए की लागत से झूलता सस्पेंशन ब्रिज बनाया जाएगा, जिसका निर्माण 15 मार्च से शुरू होगा।
राजमहल। बीसलपुर बांध के डाउन स्ट्रीम स्थित पवित्र दह पर 99 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले झूलते (सस्पेंशन) ब्रिज का निर्माण कार्य आगामी 15 मार्च से शुरू होगा। निर्माण कार्य गुजरात के अहमदाबाद की एक इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से किया जाएगा।
कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर दीपक कुमार ने बताया कि पुल निर्माण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बांध की दायीं मुख्य नहर के निकट निर्माण सामग्री के भंडारण, श्रमिकों और इंजीनियरों के ठहराव तथा कार्यालय भवन का कार्य प्रगति पर है।
ब्रिज की कुल लंबाई दोनों ओर सड़क मार्ग सहित 1.5 किलोमीटर होगी, जबकि पानी के ऊपर झूलते हिस्से की लंबाई 750.5 मीटर रहेगी। पानी की सतह से पुल की ऊंचाई लगभग 20 मीटर होगी और सड़क मार्ग की चौड़ाई 15 मीटर रखी जाएगी, जिससे एक साथ दो से तीन भारी वाहन गुजर सकेंगे।
ब्रिज दह से निकलकर विद्युत वितरण निगम के ग्रिड के पास देवली मार्ग से जुड़ेगा, वहीं दूसरी ओर इसे टोडारायसिंह मार्ग से जोड़ा जाएगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए गोकर्णेश्वर मंदिर व धर्मशालाओं तक पहुंचने हेतु सर्विस रोड भी बनाई जाएगी। इस निर्माण कार्य से बीसलपुर क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।