Eid-ul-Juha 2019 : बहीर स्थित ईदगाह में ईदुलजुहा की नमाज सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर मौलवी मोहम्मद सईद अहमद अदा कराएंगे।
टोंक. जिलेभर में ईदुलजुहा (Iduljuha) का पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। टोंक बहीर स्थित ईदगाह (Idgah) में ईदुलजुहा की नमाज (Eiduljuha prayers) सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर मौलवी मोहम्मद सईद अहमद अदा कराएंगे। ईद की नमाज(Eid prayers) को लेकर ईदगाह कमेटी ने तैयारियों का जायजा लिया।
कमेटी सचिव मोइन निजाम ने बताया कि ईदगाह परिसर में 25 हजार नमाजी एक साथ नमाज अदा कर सकते हैं। वहीं एक हजार नमाजी एक साथ वुजूह कर सकते हैं। इसके लिए ईदगाह परिसर में विभिन्न जगह पर वुजूह खाने बनाए गए हैं। इसमें एक हजार टोंटी लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि ईदगाह की सफाई कराई गई है। वहीं मायक समेत बिजली की व्यवस्था की गई है। मौलवी मोहम्मद सईद अहमद ने ईदुलजुहा के पर्व पर रोशनी डाली। इस दौरान नईमुद्दीन अपोलो, हबीब, मुश्ताक, असलम अंसारी, सआदत अली, आबिद हसन, मोहम्मद नसीम व नईम आदि मौजूद थे।
शहर काजी देगें खिलअत
ईदगाह में नमाज के बाद रियासत कालीन चली आ रही परम्परा के अनुसार पूर्व टोंक रियासत के नवाब की ओर से शहर काजी ताहिरुल इस्लाम को 404वीं खिलअत दी जाएगी। इधर, बकरों की खरीद फरोख्त के लिए शहर में जगह-जगह अस्थाई मंडिया लगाई गई।
दिनभर बकरों की खरीद-फरोख्त होती रही। यहां गोल मोहल्ले स्थित मंडी में करीब दस से 25 हजार रुपए के बकरों की खरीद की गई। इसके अलावा नौशे मियां का पुल, कचहेरी दरवाजा, गाडिय़ों का अड्डा, धन्नातलाई समेत अन्य जगह अस्थाई मंडियां लगी। इधर, खरीदारी के लिए शहर के मुख्य बाजारों में दिनभर भीड़ रही। इधर, बाजार में ईद को लेकर खरीदारी जोरों पर है। बकरा मंडी में भी लोग बकरों की खरीद कर रहे हैं।
यह रहेगी व्यवस्था
नमाज से एक घंटे पहले व बाद में भारी वाहनों का प्रवेश पटेल सर्कल से ईदगाह तक बंद कर रहेगा। भारी वाहन ईदगाह तक सिविल लाइन रोड से आरएसी होते हुए सआदत पैवेलियन पहुंचेगे। इसके अलावा इस पटेल सर्किल से ईदगाह तक एक तरफा यातायात रखा जाएगा।