Mouni Roy and Suraj Nambiar: मौनी रॉय का प्यार और घर दोनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। खबर है कि एक्ट्रेस का तलाक हो रहा है। इसका कोई बड़ा कारण सामने नहीं आया है, लेकिन मौनी ने पति की सारी फोटोज और उन्हें इंस्टाग्राम से अनफॉलो कर दिया है। इसी बीच कपल की लव स्टोरी भी तेजी से वायरल हो रही है। जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है…
Mouni Roy and Suraj Nambiar spark separation rumours: ग्लैमर की दुनिया में रिश्तों का बनना और बिगड़ना कोई नई बात नहीं है, लेकिन जब बात 'नागिन' फेम मौनी रॉय जैसी चहेती एक्ट्रेस की हो, तो फैंस का परेशान होना लाजमी है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और गलियारों में सिर्फ एक ही चर्चा है- क्या मौनी रॉय और उनके पति सूरज नांबियार अलग हो रहे हैं? यह खबर तब आग की तरह फैली जब फैंस ने नोटिस किया कि इस 'पावर कपल' ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है। इतना ही नहीं, कहा जा रहा है कि मौनी ने अपनी फीड से पति के साथ वाली कुछ फोटोज भी हटा दी हैं। ऐसे में इन कड़वी अफवाहों के बीच, आज हर कोई उनकी उस जादुई प्रेम कहानी को याद कर रहा है, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी।
मौनी और सूरज की कहानी की शुरुआत साल 2019 में दुबई से हुई थी। न्यू ईयर ईव की पार्टी थी और दोनों एक-दूसरे के लिए पूरी तरह अजनबी थे। ताज्जुब की बात यह थी कि उनके बीच कोई कॉमन दोस्त भी नहीं था, फिर भी किस्मत ने उन्हें मिलाया। मौनी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि यह एक 'टिपिकल' लड़के और लड़की की मुलाकात थी। मौनी को सूरज की सादगी इतनी पसंद आई कि वह पहली नजर में ही उन्हें अपना दिल दे बैठीं थीं।
सूरज नांबियार पेशे से बिजनेसमैन हैं और मलयाली परिवार से ताल्लुक रखते हैं। मौनी ने बताया था कि सूरज का बंगाली संस्कृति के लिए सम्मान और उनकी ट्रैवलिंग की पसंद ने उन्हें करीब लाया। करीब 3 साल तक एक-दूसरे को डेट करने और 'लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप' की चुनौतियों को पार करने के बाद, दोनों ने साल 2022 में शादी करने का फैसला किया। 27 जनवरी 2022 को गोवा के समंदर किनारे इस जोड़े ने दो अलग-अलग रीति-रिवाजों से सात फेरे लिए। पहले मलयाली और फिर बंगाली परंपरा के अनुसार हुई इस शादी की तस्वीरों ने इंटरनेट पर खूब धूम मचाई थी।
मौनी रॉय हमेशा से 'ओल्ड स्कूल रोमांस' यानी खत लिखना और घंटों फोन पर बातें करने में यकीन रखती रही हैं। उन्होंने रियलिटी शो 'टेंपटेशन आइलैंड' में कहा था कि सूरज के साथ उनका रिश्ता बहुत ही सहज और ऑर्गैनिक रहा है। लेकिन अब, शादी के चार साल बाद अचानक आई इन दूरियों ने सबको हैरत में डाल दिया है।
हालांकि, अभी तक न तो मौनी की तरफ से और न ही सूरज की तरफ से इन खबरों पर कोई आधिकारिक मुहर लगी है। फैंस बस यही दुआ कर रहे हैं कि यह महज एक 'डिजिटल अनबन' हो और उनकी पसंदीदा 'नागिन' की गृहस्थी में सब कुछ जल्द ठीक हो जाए।