Mukesh Khanna News: इंडस्ट्री का जाना माना नाम रहे मुकेश खन्ना एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने अपनी शादी को लेकर बड़ा खुलासा किया है, साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि आखिर वह अब तक क्यों कुंवारे हैं।
Mukesh Khanna marriage statement: टीवी के पर्दे पर 'शक्तिमान' बनकर बुराई को हराने वाले और 'महाभारत' में 'भीष्म पितामह' की अटूट प्रतिज्ञा निभाने वाले मुकेश खन्ना असल जिंदगी में भी अपने सिद्धांतों के पक्के हैं। 67 साल की उम्र पार करने के बाद भी मुकेश खन्ना ने आज तक शादी नहीं की, जिसे लेकर अक्सर उनके फैंस के मन में सवाल उठते रहते हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी, रिश्तों में वफादारी और शादी न करने की असली वजह का खुलासा किया है। साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि वह कैसे पत्नी चाहते हैं।
मुकेश खन्ना ने 'फिल्मी चर्चा' से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के उस दौर को याद किया जब उनके आसपास के लोग मर्दानगी की परिभाषा अलग तरह से तय करते थे। उन्होंने बताया, "एक बार फिल्ममेकर रवि चोपड़ा ने मुझसे कहा था कि मर्द वही होता है जिसके कई अफेयर हों। उस ग्रुप में हर किसी का कोई न कोई चक्कर चल रहा था, सिवाय मेरे।" खन्ना ने इस सोच को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि अपनी मर्दानगी साबित करने के लिए आपको 10 गर्लफ्रेंड्स की जरूरत नहीं है। उन्होंने साफ किया कि उनके इस नजरिए को अक्सर गलत समझा गया, लेकिन वह महिलाओं का बेहद सम्मान करते हैं और दिखावे के रिश्तों में यकीन नहीं रखते।
शादी और वफादारी पर बात करते हुए मुकेश खन्ना ने समाज के दोहरे मापदंडों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "हमेशा कहा जाता है कि औरत को पतिव्रता होना चाहिए, लेकिन क्या कभी किसी ने कहा कि मर्द को भी 'पत्नीव्रता' होना चाहिए? अगर आप शादीशुदा हैं, तो आपको एक-दूसरे के लिए समर्पित होना चाहिए। यह कैसी मोहब्बत है कि आप पत्नी से प्यार का दावा भी करते हैं और बाहर अफेयर भी रखते हैं? यह सरासर धोखा है।"
हैरानी की बात यह है कि शादी न करने के बावजूद मुकेश खन्ना इस संस्था में गहरा यकीन रखते हैं। उनका मानना है कि शादी कोई समझौता नहीं, बल्कि दो आत्माओं का मिलन है। उन्होंने आध्यात्मिक पहलू जोड़ते हुए कहा, "पत्नी पिछले जन्म का आपका 'प्रारब्ध' (कर्मों का फल) होती है। शास्त्रों के अनुसार, वह आपकी जिंदगी में आपके कर्म सुधारने आती है।" उन्होंने आगे कहा कि प्यार सिर्फ एक बार होता है, बाकी सब केवल आकर्षण है। एक इंसान को छोड़कर दूसरे के पास चले जाना उनके हिसाब से 'एहसानफरामोशी' है।
अपनी शादी न होने के सवाल पर उन्होंने बहुत ही सरल जवाब दिया। उन्होंने इसे पूरी तरह किस्मत और प्रारब्ध पर छोड़ दिया है। मुकेश खन्ना का कहना है कि अगर शादी होनी लिखी होती, तो अब तक हो गई होती। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "जिस औरत से मेरी शादी होनी तय है, वह कहीं न कहीं जरूर होगी। जब वक्त आएगा, किस्मत हमें मिला देगी।" उम्र के सवाल पर उन्होंने दो टूक कहा कि वह सालों की गिनती नहीं करते, क्योंकि उम्र केवल एक नंबर है।