वाराणसी

‘मैं मौत का सामना करने के लिए तैयार हूं’, वाराणसी पुलिस की FIR पर भड़के पप्पू यादव

Ram Mandir Donation Theft Skit: वाराणसी पुलिस द्वारा पप्पू यादव, राहुल गांधी और अन्य नेताओं पर FIR दर्ज करने के मामले में निर्दलीय सांसद ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सनातन को धोखा देने वालों के खिलाफ वह मौत का सामना करने को भी तैयार हैं।
2 min read
Aug 02, 2026
purnia mp pappu yadav
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव (Photo- pappu yadav FB)

Pappu Yadav Reaction on Varanasi Police FIR: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के मामले में वाराणसी पुलिस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद और पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इस पुलिसिया कार्रवाई पर पप्पू यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कड़े तेवर दिखाए हैं। उन्होंने सनातन धर्म और भगवा रंग का जिक्र करते हुए सरकार पर तीखा पलटवार किया है और कहा है कि वह सनातन को धोखा देने वालों के खिलाफ मौत का सामना करने के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं।

'क्या मुझे भगवा पहनने का अधिकार नहीं?'

एफआईआर दर्ज होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद पप्पू यादव ने तीखे सवाल किए। उन्होंने पूछा कि क्या उन्हें भगवा रंग पहनने का अधिकार नहीं है। पप्पू यादव ने साफ किया कि सनातन धर्म या किसी रंग पर किसी एक विचारधारा का एकाधिकार नहीं हो सकता। इस कार्रवाई को उन्होंने आवाज दबाने की एक कोशिश करार दिया।

'मौत का सामना करने के लिए तैयार हूं'

पप्पू यादव ने खुद पर हुई एफआईआर को लेकर गांधी परिवार का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कभी किसी एफआईआर से नहीं डरे और प्रियंका गांधी भी कभी नहीं डरीं, तो ऐसे में पप्पू यादव कैसे डर सकता है? अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि, अगर सनातन धर्म और भारत के लोगों की आस्था की रक्षा के लिए पप्पू यादव को मरना भी पड़े, तो मैं हर दिन मौत का सामना करने के लिए तैयार हू।

क्या है पूरा मामला?

गौरतलब है कि 31 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के दौरान इंडिया गठबंधन के कुछ सांसदों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में पप्पू यादव पुजारी के वेश में नजर आए थे। इस दौरान दान पेटी और चढ़ावे को लेकर एक प्रतीकात्मक दृश्य दिखाया गया था, जिसे भाजपा और कई हिंदू संगठनों ने सनातन धर्म का अपमान बताया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव समेत कई विपक्षी नेता भी मौजूद थे। इसी मामले में धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए वाराणसी पुलिस ने राहुल गांधी, अवधेश प्रसाद और पप्पू यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब इस एफआईआर के बाद से सियासी बयानबाजी का दौर तेज हो गया है।