
रुद्राक्ष कान्वेंशन सेंटर से बाइक रैली की हुई शुरुआत (Pc-CM Yogi Adityanath Youtube)
PM Narendra Modi Birthday:वाराणसी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर उनके संसदीय क्षेत्र से एक बाइक रैली उनके जन्म स्थान वडनगर के लिए रवाना हुई। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत उत्तर प्रदेश बीजेपी प्रभारी पंकज चौधरी समेत कई संसद और प्रदेश मंत्रियों ने सामूहिक रूप से हरी झंडी दिखाकर इस रैली को रवाना किया। बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस जन्मदिन को सेवा संकल्प अभियान के तौर पर मना रही है, जिसकी शुरुआत गुरुवार को वाराणसी से की गई।
इस यात्रा में 250 बाइक्स पर 500 लोग सवार होकर निकले हैं, जो प्रतिदिन विभिन्न स्थानों पर रुककर सामाजिक कार्य करेंगे, जिनमें रक्तदान व स्वच्छता कार्यक्रम इत्यादि शामिल है। वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से यह यात्रा शुरू हुई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा है कि इसी तरह की एक यात्रा वार्ड नगर से काशी के लिए रवाना हुई है। यहां यूपी से 10 नदियों के जल को वडनगर स्थित हरकेश्वर महादेव मंदिर में चढ़ाया जाएगा और गुजरात से इकट्ठा किए गए पवित्र नदियों के जल को श्री काशी विश्वनाथ धाम में समर्पित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल में उन्होंने अपना जीवन देश के नाम समर्पित कर दिया। केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री रहते हुए 12 साल में उन्होंने 4 करोड़ लोगों को आवास उपलब्ध कराया, जो महिलाएं शौचालय के लिए अंधेरा होने का इंतजार करती थी, ऐसी महिलाओं के घरों में 12 करोड़ शौचालय बनाकर उन्होंने नारी गरिमा का भी मान रखा है। यह महज 25 साल ही नहीं बल्कि आज से 75 साल पहले जब वह पैदा हुए थे तब से अब तक दुनिया का शायद ही कोई ऐसा नागरिक होगा जो उनके व्यक्तित्व को नहीं जानता।
वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि आज जिस की यात्रा की शुरुआत हो रही है, वह सिर्फ एक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म भूमि और कर्मभूमि को जोड़ने की यात्रा है। इस यात्रा के माध्यम से काशी की दिव्याता गुजरात जा रही है और गुजरात की आस्था काशी आ रही है। यह इस यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि आज से 2000 वर्ष पहले बौद्ध भिक्षुओं ने वाराणसी से वडनगर की यात्रा की थी और उस समय इसका उद्देश्य धर्म और ज्ञान को बढ़ाना था और आज इस यात्रा की शुरुआत हो रही है, एक अलग उद्देश्य के साथ और यह यात्रा सेवा की यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों की अपनी सेवा में भारत को ऐसे स्थान पर पहुंचा दिया है कि आज के समय में यदि भारत कुछ कहता है तो दुनिया के तमाम देश भारत को सुनना चाहते हैं।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि जिस तरह से युवाओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है यह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि काशी एक धार्मिक और पौराणिक नगरी है और सबसे बड़ी बात यह है कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि भी है। यही काशी है जिसने एक बार नहीं बल्कि तीन बार देश को सांसद ही नहीं बल्कि प्रधानमंत्री दिया है। हमें गर्व है कि काशी के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यहां से सांसद चुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से ही देश बदल रहा है और आगे भी बदलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुरुआत से ही यह सोच रही है कि हर एक गरीब परिवार को मूलभूत सुविधाएं कराई जाए जिनमें पीने का पानी, सिर के ऊपर छत और भोजन की उपलब्धता प्राथमिकता पर है। उन्होंने देश के प्रत्येक वर्ग का ख्याल रखा है, चाहे वह किसान हो, गरीब परिवार हो या उद्यमी।
Updated on:
17 Sept 2026 03:40 pm
Published on:
17 Sept 2026 02:59 pm
