
Iran $6 Billion Frozen Assets: ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच तेहरान ने बड़ा दावा किया है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन (Masoud Pezeshkian) ने कहा है कि कतर में जमा ईरान के 6 अरब डॉलर के फ्रीज किए गए पैसे जल्द वापस मिल सकते हैं। उन्होंने इसे ईरानी जनता की बड़ी जीत बताया है। पेजेशकियन के इस बयान के बाद एक बार फिर अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं अमेरिका ने ईरान के इस दावे को स्वीकार नहीं किया है और कहा है कि अभी तक कोई भी फ्रीज संपत्ति जारी नहीं की गई है।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने बयान जारी किया जिसमें बताया की राष्ट्रपति पेजेशकियन ने कहा है कि बनाई गई योजनाओं के आधार पर, कतर में मौजूद ईरान के कुल 12 अरब डॉलर के संसाधनों में से 6 अरब डॉलर जारी करके देश को वापस लौटाए जाएंगे और जरूरी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कतर में मौजूद ईरान के कुल 12 अरब डॉलर के संसाधनों में से 6 अरब डॉलर वापस लाने की योजना पर काम चल रहा है।
ईरान के इस दावे पर अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि अभी तक ईरान की कोई भी फ्रीज संपत्ति जारी नहीं की गई है।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हाल ही में कहा था कि ईरान बातचीत के लिए मजबूरी में आया है। उन्होंने दावा किया था कि 60 दिन की बातचीत के दौरान ईरान को 10 सेंट (Cent) भी नहीं मिलेगा। ट्रंप ने यह भी कहा था कि युद्ध की वजह से ईरान की वायुसेना, नौसेना, एयर डिफेंस सिस्टम, रडार और सैन्य क्षमता को काफी नुकसान पहुंचा है।
यह दावा ऐसे समय आया है जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है। ईरान ने हाल ही में बहरीन और कुवैत को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे। इसके बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ हवाई हमले किए थे। ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका की ओर से सैन्य कार्रवाई जारी रही तो वह बातचीत पूरी तरह रोक सकता है। हाल के दिनों में ईरान की ओर से ओमान के पास समुद्री रास्ते में जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं के बाद अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई की थी।
ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत में कतर और पाकिस्तान अहम भूमिका निभा रहे हैं। कतर लंबे समय से दोनों देशों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाता रहा है। हालांकि कतर ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि ईरान के फ्रीज किए गए पैसे जारी किए गए हैं। वहीं पाकिस्तान ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत मंगलवार को फिर शुरू होने की उम्मीद है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि बातचीत रद्द नहीं हुई है और आने वाले दिनों में तकनीकी स्तर की चर्चा जारी रहेगी।